यूपी डेस्क: कानपुर के विष्णुपुरी इलाके में करवाचौथ से एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच मेहंदी लगवाने जाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पति के साथ मेहंदी लगवाने न जा पाने से नाराज पत्नी पिंकी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पति उसे लेकर हैलट अस्पताल पहुंचा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, विष्णुपुरी निवासी राजू पेंटिंग का काम करते हैं। परिजनों ने बताया कि उनकी पत्नी पिंकी करवाचौथ की तैयारी बुधवार से ही कर रही थी। रात में उसने पति से साथ चलकर मेहंदी लगवाने की बात कही। इस पर राजू ने त्योहार के दौरान काम अधिक होने की बात कहते हुए साथ जाने से मना कर दिया और पिंकी से अकेले जाकर मेहंदी लगवाने को कहा।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद राजू काम पर चले गए। उनके जाने के बाद पिंकी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। देर रात जब राजू घर लौटे तो पत्नी की हालत गंभीर थी। वह तुरंत उसे हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान पिंकी की मौत हो गई।
नवाबगंज थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि पति से विवाद के बाद महिला ने आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने भी खाया जहर
कानपुर के महाराजपुर इलाके में भी पत्नी से विवाद के बाद एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, कमालपुर निवासी 29 वर्षीय संदीप कुमार नशे का आदी था। वह नशे की हालत में घर पहुंचा, जिसके बाद पत्नी से उसका विवाद हो गया।
बताया गया कि विवाद के बाद संदीप ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
छेड़छाड़ की शिकायतों से परेशान युवक ने लगाई फांसी
एक अन्य घटना में कानपुर के काकादेव इलाके में पड़ोसी महिला की कथित झूठी छेड़छाड़ की शिकायतों और विवाद से परेशान एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना बुधवार की है। उस समय उसकी पत्नी करवाचौथ की खरीदारी करने बाजार गई हुई थी।
लोहारन भट्ठा निवासी 26 वर्षीय तरुण कश्यप उर्फ अंशु मजदूरी करता था। परिवार में उसकी पत्नी उर्मिला और दो बेटे हैं। बड़े भाई नितिन के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से पड़ोस में रहने वाली एक महिला उनके परिवार से विवाद कर रही थी। कुछ समय पहले महिला ने अंशु के खिलाफ पुलिस में छेड़छाड़ की शिकायत की थी।
परिवार का दावा है कि पुलिस की जांच में शिकायत गलत पाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद अंशु के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी। बुधवार को अंशु अपने घर में निर्माण कार्य करा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी महिला के परिवार से विवाद हो गया। आरोप है कि महिला ने अपनी बहन के बेटे को बुलाकर अंशु के साथ मारपीट कराई और इसके बाद पुलिस से शिकायत कर दी। इस पर पुलिस पूछताछ के लिए उसके घर पहुंची थी।
Navyug Samachar
