Friday , 30 October 2026

लखनऊ ट्रिपल मर्डर: फरार राजेश और उसकी भतीजी पर 25-25 हजार का इनाम, गुंडा एक्ट में भी दर्ज है आरोपी का नाम

यूपी डेस्क: लखनऊ के सआदतगंज स्थित ब्राह्मणी टोला में आरएसएस के पूर्व सह-कार्यवाह शिवाजी तिवारी, उनके बेटे और भाई की हत्या के मामले में फरार आरोपियों पर पुलिस ने इनाम घोषित किया है। मुख्य आरोपी राजेश शुक्ला और उसकी भतीजी दिव्या की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। यह घोषणा पुलिस उपायुक्त पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव ने की है। राजेश सआदतगंज थाने में गुंडा एक्ट के तहत भी आरोपी है।

पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के बाद से राजेश और दिव्या फरार हैं। दोनों की तलाश में पांच पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। टीमें उन्नाव, सीतापुर और रायबरेली समेत आसपास के जिलों में आरोपियों के रिश्तेदारों और करीबियों से संपर्क कर रही हैं। पुलिस उपायुक्त ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी ऋषभ समेत छह लोगों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, इलाके में तनाव को देखते हुए ब्राह्मणी टोला में पुलिस बल तैनात है।

मकान पूरी तरह नहीं गिराए जाने से लोगों में नाराजगी

हत्यारोपियों के मकान पर पूरी तरह बुलडोजर कार्रवाई नहीं होने से मोहल्ले के लोगों और पीड़ित परिवार में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद विरोध-प्रदर्शन के दबाव में एलडीए ने मकान की केवल कुछ दीवारें गिराईं। उनका कहना है कि आरोपियों का पूरा मकान गिराया जाना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने फिर से प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

इस मामले में डीसीपी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने एलडीए अधिकारियों से बात की है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मकान की कुछ दीवारें नजूल और सरकारी रास्ते की जमीन पर बनी मिली थीं। इसी आधार पर कार्रवाई की गई थी। अब मकान से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है और दस्तावेजों का जमीन से मिलान कराया जा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

तीनों मकानों के नक्शे तलब, एलडीए ने जारी किए नोटिस

एलडीए ने राजेश शुक्ला, गिरीश शुक्ला और दिनेश शुक्ला को अलग-अलग नोटिस जारी किए हैं। इन नोटिसों के जरिए तीनों से मकानों के निर्माण से संबंधित जानकारी मांगी गई है। साथ ही यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि निर्माण स्वीकृत मानचित्र के अनुसार कराया गया है या नहीं। अधिकारियों ने संबंधित मकानों के नक्शे भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

शिवाजी तिवारी के घर पर गरुड़ पुराण का पाठ शुरू

हत्याकांड के बाद शिवाजी तिवारी के घर पर शोक जताने और परिवार को ढांढस बंधाने के लिए लोगों का पहुंचना जारी है। घर में गरुड़ पुराण का पाठ शुरू हो गया है। परिवार के सदस्य गमगीन हैं और आपस में भी कम बातचीत कर रहे हैं। घर के आसपास पुलिस बल तैनात है। परिजनों के मुताबिक, शिवाजी तिवारी का अंतिम संस्कार उनकी बुआ के बेटे मनोज ने किया था। घटना के बाद से परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है।

 

Check Also

करवाचौथ पर मेहंदी लगवाने नहीं ले गया पति, विवाद के बाद पत्नी ने खाया जहर; अस्पताल में तोड़ा दम

यूपी डेस्क: कानपुर के विष्णुपुरी इलाके में करवाचौथ से एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच …