
हरदोई: झांसी में ‘काली सरकार’ के नाम से पहचान बनाने और दरबार लगाने वाला प्रदीप शुक्ला आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया है। करीब 31 साल पुराने मुकदमों में फरार चल रहे प्रदीप को हरदोई की कोतवाली शहर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ अदालत से स्थायी वारंट जारी थे। पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम प्रदीप शुक्ला के साथ नटरोज और काली पंडित के रूप में भी दर्ज है। वह झांसी में सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार के नाम से चर्चित था।
लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज उर्फ काली पंडित पुत्र माया राम, निवासी चौहान थोक, कोतवाली शहर, हरदोई के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अदालत से स्थायी वारंट जारी किए गए थे और वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित और वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली शहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदीप को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक देवेश शर्मा और हेड कांस्टेबल अर्पित तोमर शामिल रहे।
गिरफ्तारी के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सिटी ने दी कार्रवाई की जानकारी
सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत कोतवाली शहर के हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला के खिलाफ प्रभावी पैरवी करते हुए वारंट प्राप्त किया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले से जुड़ी अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Navyug Samachar