
मुंबई: सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ अब सिनेमाघरों के बाद ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। प्राइम वीडियो ने फिल्म के वैश्विक प्रसारण की तारीख का ऐलान कर दिया है। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन और सन पिक्चर्स के बैनर तले कलानिधि मारन के निर्माण में बनी यह एक्शन क्राइम ड्रामा 12 नवंबर को विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर रिटायर्ड जेलर टाइगर मुथुवेल पांडियन के दमदार किरदार में नजर आएंगे।
12 नवंबर को यहां होगी ‘जेलर 2’ की रिलीज
भारतीय और वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बाद फिल्म अब दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचने जा रही है। ‘जेलर 2’ का प्रीमियर 12 नवंबर को प्राइम वीडियो पर होगा। इसे भारत समेत 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में तमिल, तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में देखा जा सकेगा।
खास बात यह है कि प्राइम वीडियो पर फिल्म का पहला भाग ‘जेलर’ भी उपलब्ध होगा। ऐसे में दर्शक मुथुवेल पांडियन की कहानी के दोनों अध्याय एक ही मंच पर देख सकेंगे।
फिर अपराधियों से भिड़ेंगे टाइगर मुथुवेल पांडियन
‘जेलर 2’ की कहानी पहली फिल्म की घटनाओं को आगे बढ़ाती है। इसमें मुथुवेल पांडियन को एक बार फिर रिटायरमेंट से बाहर आना पड़ता है, क्योंकि एक ताकतवर आपराधिक गिरोह उसके परिवार और करीबियों के लिए खतरा बन जाता है।
पुराने दुश्मनों की वापसी और नए गठबंधनों के बीच मुथुवेल एक बार फिर अपराधियों से भिड़ता है। परिवार की रक्षा करने और व्यवस्था बहाल करने के लिए वह अपने खास अंदाज में मोर्चा संभालता है।
रजनीकांत के साथ नजर आएंगे कई बड़े सितारे
फिल्म में रजनीकांत के साथ मोहनलाल, ऋतिक रोशन और विजय सेतुपति विशेष भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इसके अलावा एस. जे. सूर्या, शिवराजकुमार, सूरज वेंजारामूडु, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, राम्या कृष्णन, नमो नारायण और योगी बाबू भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है, जबकि संगीत अनिरुद्ध ने तैयार किया है।
निर्देशक ने बताया फिल्म को लेकर क्या है खास
निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार के मुताबिक, पहली ‘जेलर’ को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी और मुथुवेल पांडियन के किरदार को खूब पसंद किया गया। ‘जेलर 2’ के जरिए उनकी कोशिश कहानी, एक्शन, भव्यता और भावनात्मक पहलुओं को एक नए स्तर पर ले जाने की रही है।
उन्होंने कहा कि रजनीकांत को फिर से इस चर्चित किरदार में देखना और उनके साथ शानदार कलाकारों की टोली का होना फिल्म को खास बनाता है। अनिरुद्ध के संगीत ने भी फिल्म में नई ऊर्जा जोड़ी है। सिनेमाघरों में मिली प्रतिक्रिया के बाद अब इसे प्राइम वीडियो पर दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने को लेकर पूरी टीम उत्साहित है।
Navyug Samachar