नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को लेकर भाजपा सरकार ने बड़ा फैसला किया है। कथित ‘शीशमहल’ के नाम से चर्चा में रहे इस बंगले को अब आम जनता के लिए खोला जाएगा। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने मंगलवार को बताया कि अगले सप्ताह से लोग इस बंगले का दौरा कर सकेंगे। इससे पहले सरकार ने इसे स्टेट गेस्ट हाउस बनाने का निर्णय लिया था, लेकिन अब जनता और पत्रकारों की मांग को देखते हुए योजना बदल दी गई है।
प्रवेश वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बंगले को भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल ने बंगला और गाड़ी नहीं लेने की बात कही थी, लेकिन बाद में कई निर्माणों को तोड़कर आलीशान आवास तैयार कराया गया। मंत्री के मुताबिक, इसमें सर्वेंट क्वार्टर और गैराज समेत अन्य हिस्सों को भी शामिल किया गया।
करोड़ों के पर्दे और स्मार्ट लाइट लगाने का आरोप
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने दावा किया कि बंगले के भीतर महंगे पर्दे, स्मार्ट लाइट और वियतनाम का मार्बल लगाया गया है। उन्होंने कहा कि यहां लगी स्मार्ट लाइटों को रिमोट से बदला जा सकता है। उनके अनुसार, पहले इस बंगले का केवल एक कमरा तस्वीरों के जरिए दिखाया जाता था, जिसमें शहीद भगत सिंह और डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीरें लगी थीं। आम लोगों को बंगले के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी।
वर्मा ने कहा कि अब जनता को पूरे बंगले का दौरा कराया जाएगा, ताकि लोग खुद देख सकें कि वहां किस तरह का निर्माण कराया गया है। उन्होंने इस निर्माण को लेकर केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
टिकट और बुकिंग की जानकारी जल्द होगी सार्वजनिक
मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि जनता और पत्रकारों की मांग पर बंगले को स्टेट गेस्ट हाउस बनाने का पुराना फैसला बदला गया है। अब इसे आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है और इसकी शुरुआत अगले सप्ताह से होगी।
हालांकि, बंगले में प्रवेश के लिए टिकट की कीमत क्या होगी और बुकिंग की व्यवस्था किस तरह चलेगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मंत्री ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि आम जनता के लिए शुरुआत करने से पहले मीडिया के प्रतिनिधियों को बंगले का दौरा कराया जाएगा। इसके लिए दो से तीन दिनों में पत्रकारों को सूचना दी जाएगी। वर्मा ने कहा कि वह सबसे पहले मीडिया के साथियों को इसका भ्रमण कराना चाहते हैं।
Navyug Samachar