Thursday , 19 November 2026

योगी के गढ़ गोरखपुर में अखिलेश का बड़ा सियासी दांव, 20 KM रोडशो के बाद तिवारी के हाता पहुंचकर किसे देंगे संदेश?

गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर से पूर्वांचल में चुनावी अभियान का आगाज करेंगे। इस दौरे के लिए पार्टी ने रोडशो से लेकर जनसभा तक की तैयारियां की हैं। अखिलेश यादव समाजवादी पीडीए रथ पर सवार होकर करीब 20 किलोमीटर का रोडशो करेंगे और चौरीचौरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। लेकिन उनके कार्यक्रम का सबसे चर्चित पड़ाव तिवारी का हाता है, जहां वह पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी और पूर्व सांसद कुशल तिवारी से मुलाकात करेंगे। इस दौरे को ब्राह्मण मतदाताओं तक सियासी संदेश पहुंचाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

तिवारी के हाता जाने के पीछे क्या है सियासी गणित?

गोरखपुर में पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के आवास को तिवारी का हाता कहा जाता है। कई दशकों तक यह परिसर पूर्वांचल की राजनीति का अहम केंद्र रहा है। हरिशंकर तिवारी का प्रभाव गोरखपुर से लेकर अवध तक की राजनीति में माना जाता रहा है। उनके परिवार की पहचान खास तौर पर ब्राह्मण राजनीति में प्रभावशाली रही है।

अखिलेश यादव का यहां पहुंचना महज एक पारिवारिक मुलाकात नहीं माना जा रहा। इसके जरिए समाजवादी पार्टी पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने और ब्राह्मण समाज तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकती है। हरिशंकर तिवारी का पूरा परिवार बाद में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गया था। अब पार्टी प्रमुख की इस मुलाकात को तिवारी परिवार के साथ खड़े होने के राजनीतिक संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।

‘हाता नहीं भाता’ के जरिए योगी पर साधते रहे हैं निशाना

अखिलेश यादव सोशल मीडिया पर कई बार ‘हाता नहीं भाता’ का जिक्र कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साध चुके हैं। इस बयान के जरिए वह यह आरोप लगाते रहे हैं कि मुख्यमंत्री को हरिशंकर तिवारी और उनके परिवार का राजनीतिक प्रभाव पसंद नहीं है।

दरअसल, 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के कुछ समय बाद पुलिस ने हरिशंकर तिवारी के हाता पर छापेमारी की थी। इसके बाद उनके बेटे विनय शंकर तिवारी और कुशल तिवारी के खिलाफ जांच एजेंसियों तथा प्रशासन की ओर से कार्रवाई हुई थी। समाजवादी पार्टी और तिवारी परिवार ने इन कार्रवाइयों को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया था। ऐसे में अखिलेश की इस यात्रा को उस पुराने विवाद की राजनीतिक पृष्ठभूमि से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक 20 किलोमीटर का रोडशो

तय कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश यादव सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह समाजवादी पीडीए रथ पर सवार होकर चौरीचौरा के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय करने में लगभग दो घंटे लगने का अनुमान है।

यह रोडशो गोरखपुर सदर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। रास्ते में हर 200 मीटर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत की तैयारी की गई है। अखिलेश यादव इस दौरान कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी करेंगे।

चौरीचौरा में जनसभा को संबोधित करने के बाद वह तिवारी के हाता पहुंचेंगे। वहां विनय शंकर तिवारी, कुशल तिवारी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, वह हाता में करीब आधे घंटे तक रुक सकते हैं।

बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

गोरखपुर दौरे के दौरान अखिलेश यादव देवकहिया गांव में अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके साथ ही वह विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस कार्यक्रम के आयोजक अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू सिंह हैं, जो विनय कुमार सिंह के छोटे भाई हैं।

दौरे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह

अखिलेश यादव के आगमन को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जिले की अलग-अलग विधानसभा सीटों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी की जा रही है। पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव के मुताबिक, समाजवादी रथ मंगलवार को ही गोरखपुर महानगर पहुंच गया था।

तैयारियों को लेकर हुई बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता जफर अमीन डक्कू, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, चंद्रबली यादव, मुन्नीलाल यादव, धर्मेंद्र सिंह सोलंकी, रामनाथ यादव, मारकंडेय यादव, श्याम मिलन यादव, दयानंद विद्रोही, बबलू अंसारी, अविनाश तिवारी, लालमोहन यादव और शत्रुजीत तिवारी सहित कई नेता मौजूद रहे।

सहजनवा विधानसभा क्षेत्र के सपा नेता विश्वजीत त्रिपाठी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में जनसंपर्क किया जा रहा है। रोडशो, जनसभा और तिवारी परिवार से मुलाकात के जरिए अखिलेश यादव का यह दौरा पूर्वांचल में पार्टी की सक्रियता और राजनीतिक रणनीति को सामने रखने वाला है।

Check Also

सोनिया गांधी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें? नागरिकता विवाद में FIR की मांग, कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से मांगी रिपोर्ट

नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ नागरिकता और मतदाता सूची में नाम दर्ज …