
अयोध्या: भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच अब सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूती देने वाली इस पहल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसे अवध और मिथिला के सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ‘रोटी-बेटी’ के संबंधों में नया अध्याय बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह इस रेल सेवा का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम में मौजूद रहेंगे।
अयोध्या में मौजूद रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस नई रेल सेवा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के कर-कमलों से प्रभु राम की नगरी अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा।
सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए उन्हें अयोध्या धाम में उपस्थित रहने का अवसर मिल रहा है।
भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल के बीच सदियों से कायम आत्मीय और सांस्कृतिक संबंध अब रेल संपर्क के माध्यम से और मजबूत होंगे। उन्होंने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का प्रमाण बताया।
योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा आसान होगी। इसके साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को भी बढ़ावा मिलेगा।
अवध और मिथिला को जोड़ने वाली पहल पर दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस रेल सेवा को अवध और मिथिला को जोड़ने वाला विशेष उपहार बताया। उन्होंने रामभक्तों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल दोनों क्षेत्रों के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संबंधों को नई मजबूती देगी।
अयोध्या को भगवान राम की जन्मभूमि और जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होना भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Navyug Samachar