Monday , 23 November 2026

यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर बनी सहमति! तीन श्रेणियों में बंटी सीटें, 3 दिन में आएगी फाइनल सूची

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर जारी खींचतान अब खत्म होती नजर आ रही है। दोनों दलों के बीच सोमवार को दिल्ली में हुई पहली बैठक में सीट बंटवारे का फार्मूला तय कर लिया गया। इसके लिए सीटों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। दोनों पार्टियों की समन्वय समितियों के बीच करीब एक घंटे तक चली चर्चा के बाद तय हुआ कि अगले तीन दिनों में सीटों की अंतिम सूची तैयार कर ली जाएगी। मंगलवार को भी दोनों दलों के बीच बैठक होगी। गठबंधन नेताओं ने स्पष्ट किया कि लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी एकजुट होकर भाजपा को चुनौती दी जाएगी।

दिल्ली में हुई पहली बैठक, दोनों दलों के दिग्गज नेता रहे मौजूद

सीट बंटवारे को लेकर पहली औपचारिक बैठक दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर आयोजित की गई। इसमें समाजवादी पार्टी की ओर से राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, घोसी सांसद राजीव राय और कैराना सांसद इकरा हसन शामिल हुईं। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रमोद तिवारी, उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने हिस्सा लिया।

A, B और C श्रेणियों में बांटी गईं विधानसभा सीटें

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में दोनों दलों ने विधानसभा सीटों को ए, बी और सी तीन श्रेणियों में बांटकर चर्चा शुरू की है। ए श्रेणी में उन सीटों को रखा गया है, जहां जीत की संभावना अधिक मानी जा रही है। कांग्रेस ने इस श्रेणी की 55 सीटों पर अपना दावा पेश किया है। अब मंगलवार को बी और सी श्रेणी की सीटों पर मंथन किया जाएगा। इसके बाद दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे का अंतिम खाका तैयार होगा।

सपा ने कांग्रेस से मांगे जिताऊ उम्मीदवारों के नाम

बैठक में समाजवादी पार्टी ने सीटों के चयन को लेकर जीत की संभावना को सबसे अहम आधार बनाने पर जोर दिया। सपा नेताओं ने कांग्रेस के सामने प्रस्ताव रखा कि पार्टी जिन सीटों पर अपना दावा पेश कर रही है, वहां संभावित उम्मीदवारों के नाम भी साझा करे। इससे दोनों दलों को संबंधित क्षेत्रों के जमीनी समीकरण और उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता का आकलन करने में मदद मिलेगी। सपा का मानना है कि केवल सीटों की मांग के बजाय मजबूत उम्मीदवारों के आधार पर फैसला किया जाना चाहिए।

सीटों की संख्या पर नहीं हुई चर्चा, भाजपा को हराने की रणनीति पर जोर

बैठक के बाद कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि दोनों दलों के बीच पूरा विश्वास कायम है। फिलहाल सीटों की संख्या को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। बातचीत का मुख्य केंद्र भाजपा को हराने की रणनीति रही। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस मजबूत स्थिति में होगी, वहां पार्टी चुनाव लड़ेगी और जहां समाजवादी पार्टी की स्थिति मजबूत होगी, वहां सपा मैदान में उतरेगी। अगले तीन दिनों में सीटों की सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

सपा के राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने भी इसी बात को दोहराते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और तीन दिनों के भीतर सीटों का बंटवारा तय कर लिया जाएगा।

प्रमोद तिवारी बोले- गठबंधन फिर भाजपा को हराएगा

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दलों ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था और भाजपा को हराने में कामयाबी हासिल की थी। अब विधानसभा चुनाव में भी दोनों पार्टियां मिलकर मैदान में उतरेंगी और भाजपा को शिकस्त देंगी। उन्होंने दावा किया कि अगले तीन दिनों में सीटों के बंटवारे से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। प्रमोद तिवारी ने दो तिहाई बहुमत से जीत हासिल करने और भाजपा को एक तिहाई सीटों तक सीमित रखने का भी दावा किया।

 

Check Also

अखिलेश यादव के साथ आएगी CJP? संजय सिंह और दीपांकर भट्टाचार्य से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासी हलचल, आज सीटों पर चर्चा!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले विपक्षी गठबंधन की कवायद तेज हो गई …