नई दिल्ली: भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बीच सोमवार को नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का रिश्ता नहीं है, बल्कि यह अपनेपन, विश्वास और साझा संस्कृति से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां भी साझा हैं तथा भारत और नेपाल एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार हैं।राम और सीता दोनों देशों की साझा आस्था के प्रतीक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और लोगों के आपसी जुड़ाव पर आधारित हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। वर्ष 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक सशक्त और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा सहभागी रहा है।
नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का पैकेज
पीएम मोदी ने नेपाल में अगस्त महीने में आई भीषण बाढ़ का जिक्र करते हुए जानमाल के नुकसान पर संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को मजबूती देने के लिए भारत 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले भी किए गए हैं।
बालेन शाह की पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा का स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर भारत आए बालेंद्र शाह का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जब शाह ने दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में संयुक्त राष्ट्र को संबोधित किया था, तब उनके दूरदर्शी दृष्टिकोण की झलक मिली थी। अब आमने-सामने की बातचीत में नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने के प्रति उनकी स्पष्ट सोच और प्रतिबद्धता दिखाई दी है।
पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल की जनता ने बालेंद्र शाह को जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह देश की नई पीढ़ी की उम्मीदों और आकांक्षाओं को दर्शाता है।
सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए कनेक्टिविटी पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत का जिक्र करते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के पवित्र रिश्ते को नया आयाम मिलेगा।
बालेन शाह बोले- हिमालय की तरह मजबूत हैं दोनों देशों के संबंध
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने अपने संबोधन में कहा कि वह भगवान पशुपतिनाथ और माता जानकी का आशीर्वाद लेकर भारत आए हैं। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह मजबूत और महासागर की तरह विस्तृत हैं। संकट के समय भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है।
बालेंद्र शाह ने अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल कनेक्टिविटी का उद्घाटन होने का भी जिक्र किया। उन्होंने भारतीय निवेशकों को नेपाल में निवेश के लिए आमंत्रित किया और कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं।
भारत के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए जताया आभार
नेपाल के प्रधानमंत्री ने भारत के निमंत्रण और यहां मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्तों की नींव आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और सद्भावना पर टिकी है। दोनों देशों के लोगों के बीच गहरा जुड़ाव इस रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है।
बालेंद्र शाह ने प्राकृतिक आपदाओं और मुश्किल समय में भारत की ओर से मिलने वाली मदद के लिए भारत सरकार और यहां की जनता का भी धन्यवाद किया।
Navyug Samachar