नई दिल्ली: अच्छी और सुकून भरी नींद शरीर और दिमाग को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी है। पर्याप्त नींद लेने के बाद सुबह उठने पर व्यक्ति खुद को तरोताजा महसूस करता है और दिनभर बेहतर तरीके से काम कर पाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एक व्यक्ति को रोजाना 6 से 8 घंटे की नींद लेने की सलाह दी जाती है। हालांकि, रोजमर्रा की कुछ आदतें रात की नींद में खलल डाल सकती हैं। अगर समय रहते इन आदतों में बदलाव नहीं किया जाए तो इसका असर धीरे-धीरे जीवनशैली और सेहत पर भी पड़ने लगता है।
सोने से पहले चाय-कॉफी और चॉकलेट से बनाएं दूरी
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, रात में अच्छी नींद के लिए सोने से पहले कैफीन युक्त चीजों के सेवन से बचना चाहिए। कई लोगों को रात में चाय या कॉफी पीने की आदत होती है, लेकिन सोने से ठीक पहले इनका सेवन नींद को प्रभावित कर सकता है। चॉकलेट में भी कैफीन मौजूद होता है, इसलिए रात के समय इससे दूरी बनाए रखना बेहतर माना जाता है।
रात में भरपेट खाना भी बन सकता है परेशानी की वजह
एक्सपर्ट्स का कहना है कि सोने से ठीक पहले ज्यादा खाना खाने से बचना चाहिए। रात के भोजन में हल्का खाना बेहतर रहता है। सोने से पहले भरपेट भोजन करने से पाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इससे पेट में परेशानी होने की आशंका रहती है, जो रात में बार-बार नींद टूटने की वजह बन सकती है।
सोने से पहले ज्यादा तरल पदार्थ न पिएं
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, रात में सोने से ठीक पहले अधिक मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करने से भी नींद प्रभावित हो सकती है। ऐसा करने पर व्यक्ति को रात में बार-बार पेशाब के लिए उठना पड़ सकता है। इससे नींद का सिलसिला टूटता है और पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता।
एसिडिटी बढ़ाने वाली चीजों से भी करें परहेज
रात में सोने से पहले ऐसी चीजें खाने से बचना चाहिए, जिनसे एसिडिटी या पेट में परेशानी हो सकती है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, खट्टे जूस, कच्ची प्याज, टोमाटो कैचअप और पिज्जा जैसी चीजों का सेवन रात के समय नहीं करना चाहिए। इनसे होने वाली पाचन संबंधी दिक्कतें आपकी नींद में खलल डाल सकती हैं।
Navyug Samachar