स्पोर्ट्स डेस्क: भारत-ए और पाकिस्तान-ए के बीच एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का मुकाबला सिर्फ रनों और विकेटों तक सीमित नहीं रहा। दोहा में रविवार को खेले गए इस मैच में मैदान पर खिलाड़ियों के बीच जमकर तनातनी देखने को मिली। भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच पहले भी कहासुनी हो चुकी थी, लेकिन हर्षित का विकेट गिरते ही विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया। पाकिस्तानी स्पिनर सुफियान मुकीम पवेलियन लौट रहे हर्षित से उलझते नजर आए। वहीं, भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने भी विरोधी खिलाड़ियों के सामने कड़ा रुख अपनाया और मैदान पर तीखी बहस हुई।पहली पारी में भी हर्षित राणा से भिड़े थे पाकिस्तानी बल्लेबाज
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तनाव की शुरुआत पहली पारी में ही हो गई थी। हर्षित राणा ने पाकिस्तानी बल्लेबाज शमील हुसैन को आउट करने के बाद उन्हें सेंडऑफ दिया था। इसके अलावा माज सदाकत के साथ भी उनकी तीखी नोकझोंक हुई थी। इन घटनाओं के बाद मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तल्खी बनी रही।
हर्षित के आउट होते ही सुफियान मुकीम ने दिखाए तेवर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया-ए की टीम की ओर से बल्लेबाजी करने आए हर्षित राणा ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। पारी के 45वें ओवर में मोहम्मद इमरान रंधावा की गेंद पर वह बिना खाता खोले आउट हो गए। उनका विकेट गिरते ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने आक्रामक अंदाज में प्रतिक्रिया दी।
हर्षित जब पवेलियन की ओर लौट रहे थे, तभी पाकिस्तानी स्पिनर सुफियान मुकीम उनसे कुछ कहते नजर आए। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। सुफियान का आक्रामक रवैया देखकर उनके साथी खिलाड़ी को बीच-बचाव करना पड़ा। इस दौरान भारतीय कप्तान तिलक वर्मा भी नाराज हो गए और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ उनकी भी तीखी बहस देखने को मिली।
पाकिस्तान-ए ने भारत को 48 रन से दी शिकस्त
मैदान पर खिलाड़ियों के बीच हुई इस तनातनी के बावजूद मुकाबले का नतीजा पाकिस्तान-ए के पक्ष में रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 313 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंडिया-ए की पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 रन बनाकर सिमट गई। इस तरह पाकिस्तान-ए ने 48 रन से मुकाबला जीत लिया।
तिलक का शतक और अभिषेक के 70 रन भी नहीं दिला सके जीत
भारत की ओर से कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 100 रन की शतकीय पारी खेली। उन्होंने टीम को जीत के करीब पहुंचाने की पूरी कोशिश की। वहीं, अभिषेक शर्मा ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 42 गेंदों में 70 रन ठोक दिए। उनकी पारी में छह चौके और छह छक्के शामिल रहे।
अभिषेक के क्रीज पर मौजूद रहने तक भारतीय टीम की जीत की उम्मीदें बनी हुई थीं। हालांकि, उनके आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। इसके बाद दूसरे बल्लेबाज जरूरी तेजी से रन नहीं बना सके और पूरी टीम लक्ष्य से पहले ही ऑलआउट हो गई।
हसन नवाज और माज सदाकत ने पाकिस्तान को दिलाई मजबूत शुरुआत
पाकिस्तान-ए की जीत में हसन नवाज, माज सदाकत और फरहान यूसुफ की अहम भूमिका रही। हसन नवाज ने 79 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल थे। सलामी बल्लेबाज माज सदाकत ने 63 गेंदों पर 59 रन बनाए, जबकि फरहान यूसुफ ने 56 रन का योगदान दिया। शमील हुसैन ने भी 23 गेंदों में 33 रन बनाए।
माज सदाकत और शमील हुसैन ने पहले विकेट के लिए महज 7.5 ओवर में 66 रन जोड़कर पाकिस्तान-ए को तेज शुरुआत दिलाई। इसी मजबूत आधार पर टीम 313 रन तक पहुंचने में सफल रही। भारतीय टीम की ओर से तिलक और अभिषेक की बेहतरीन पारियों के बावजूद पाकिस्तान ने मुकाबले पर कब्जा जमा लिया।
Navyug Samachar