Monday , 23 November 2026

अयोध्या और जनकपुर के बीच फिर जुड़ा राम-सीता का पौराणिक रिश्ता! सरयू-कमला एक्सप्रेस को CM योगी ने बताया विरासत और विकास का संगम

अयोध्या: अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस के रूप में अयोध्या और मिथिला की दो महान संस्कृतियों का पौराणिक मिलन फिर से जीवंत हो गया है। यह ट्रेन प्रधानमंत्री मोदी के विरासत और विकास के संगम का उदाहरण है।

नेपाल से सीधे अयोध्या आ सकेंगे श्रद्धालु

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या धाम और मां कमला के जल से सिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर को जोड़ने वाली यह रेल सेवा दोनों देशों के धार्मिक संबंधों को नई मजबूती देगी। इसके शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, जबकि भारत के श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर धाम जाकर माता जानकी के दर्शन करना आसान होगा।

भारत-नेपाल का रिश्ता हजारों साल पुराना

सीएम योगी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच हजारों वर्षों से आस्था, आत्मीयता, साझा नदियों और पारिवारिक संबंधों का रिश्ता रहा है। इसे रोटी-बेटी का संबंध कहा जाता है। महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान राम और लक्ष्मण के मिथिला जाने से लेकर राजा दशरथ की बारात जनकपुर पहुंचने तक की कथाएं आज भी विवाह पंचमी के अवसर पर जीवंत हो उठती हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या के लोग जनकपुर को अपना ससुराल और मिथिला के लोग भगवान श्रीराम को पाहुन मानते हैं। पशुपतिनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम भी दोनों देशों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ते हैं। मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में नेपाल से खिचड़ी चढ़ाई जाती है, जबकि बासंतिक नवरात्रि में नेपाल से श्रद्धालु देवीपाटन मंदिर पहुंचते हैं।

साझी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल की जन्मस्थली लुंबिनी और उनके साधना स्थल पिपरहवा (कपिलवस्तु), श्रावस्ती, सारनाथ तथा कुशीनगर दोनों देशों की साझा विरासत हैं। उन्होंने जुलाई 2025 में 127 साल बाद हांगकांग से भारत लौटे भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों का भी जिक्र किया।

नेपाल की नदियां यूपी में अलग-अलग नामों से बहती हैं

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नेपाल की करनाली, गंडकी, राप्ती और महाकाली नदियां उत्तर प्रदेश में क्रमशः सरयू, गंडक, राप्ती और शारदा के रूप में बहती हैं। दोनों देशों की खुली सीमा आपसी विश्वास का उदाहरण है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की पड़ोसी प्रथम नीति के तहत उत्तर प्रदेश के सात जिले पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज नेपाल के साथ करीब 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं। प्रधानमंत्री के एचआईटी फॉर्मूले यानी हाईवेज, आईवेज और ट्रांसवेज के तहत कनेक्टिविटी से जुड़े प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

नेपाल सीमा तक सड़क और रेल नेटवर्क का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2018 में जनकपुर-अयोध्या बस सेवा शुरू हुई थी। अब रुपईडीहा में उत्तर प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है, जिसके आसपास औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बाराबंकी-बहराइच फोरलेन हाईवे बनने से रुपईडीहा-नेपालगंज के बीच यात्रा का समय आधा रह जाएगा। रुपईडीहा-नेपालगंज रोड क्षेत्र को नानपारा और बहराइच के रास्ते ब्रॉडगेज एवं विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है। सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर टर्मिनल और वेयरहाउस बनाए जा रहे हैं।

इसके अलावा 1,450 करोड़ रुपये की लागत से बने 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का पिछले सप्ताह लोकार्पण किया गया। पिपरी नेपाल बॉर्डर से सिद्धार्थनगर और बस्ती होते हुए प्रयागराज तक फोरलेन कॉरिडोर का निर्माण भी जारी है। वहीं, 750 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर तक जाने वाले श्रीराम-जानकी मार्ग पर भी काम आगे बढ़ रहा है।

10 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन, रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या धाम में महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट, डबल रेल लाइन और वंदे भारत व अमृत भारत जैसी आधुनिक रेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरयू-कमला एक्सप्रेस रामायण सर्किट को नई ऊंचाई देगी।

यह ट्रेन माता जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी से होकर गुजरेगी, जहां पुनौरा धाम में भव्य मां जानकी मंदिर और आध्यात्मिक नगरी विकसित की जा रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 स्टेशनों पर ठहराव से धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल, हस्तशिल्प और परिवहन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस रेल सेवा से जनकपुर में मिथिला पेंटिंग बनाने वाली महिलाओं को भी आर्थिक रूप से सशक्त होने का अवसर मिलेगा। उत्तर प्रदेश रामायण और बौद्ध दोनों सर्किट का प्रमुख केंद्र है और सरयू-कमला एक्सप्रेस दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संपर्क को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

Check Also

हिंदू कुश हिमालय पर मंडराया प्राकृतिक आपदाओं का खतरा! 1950 के बाद सबसे शक्तिशाली अल नीनो से बढ़ सकती है बारिश और बर्फबारी

नई दिल्ली: हिंदू कुश हिमालय क्षेत्र में आने वाला सर्दियों का मौसम कई चुनौतियां लेकर …