Tuesday , 24 November 2026

पंजाब चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, 6 साल बाद NDA में लौटा अकाली दल; BJP के साथ मिलकर लड़ेगा विधानसभा चुनाव

नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। शिरोमणि अकाली दल ने छह साल बाद एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में वापसी कर ली है। दोनों दलों ने आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस राजनीतिक गठबंधन की औपचारिक घोषणा की गई।

अमित शाह और सुखबीर बादल ने किया गठबंधन का ऐलान

इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे। अमित शाह ने अकाली दल की एनडीए में वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी अब गठबंधन के सहयोगी के रूप में काम करेगी।

उन्होंने कहा कि जब पूरा देश श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मना रहा है, ऐसे समय में अकाली दल के पुराने साथी के रूप में फिर साथ आने से सभी को खुशी है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के नेताओं का गठबंधन में स्वागत किया।

2020 में कृषि कानूनों के विरोध में टूटा था 24 साल पुराना गठबंधन

बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल पुराना था। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। पार्टी की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने विरोध जताते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानूनों को वापस ले लिया था।

इसके बाद से दोनों दल अलग-अलग राजनीतिक राह पर चल रहे थे। अब छह साल बाद दोनों पार्टियों ने एक बार फिर साथ आकर पंजाब की चुनावी राजनीति में नई समीकरण तैयार करने की कोशिश की है।

सुखबीर बादल बोले- यह सिर्फ राजनीतिक समझौता नहीं, भावनात्मक गठबंधन है

अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को पंजाब के हितों से जुड़ा फैसला बताया। उन्होंने कहा कि यह महज राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि पंजाब के हित में बना भावनात्मक गठबंधन है।

उन्होंने अकाली दल के 106 साल पुराने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टियों में शामिल है। आजादी के संघर्ष से लेकर पंजाब की प्रगति और लोगों के कल्याण तक पार्टी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब में शांति, समृद्धि और विकास को समर्पित रहेगा।

सीटों के बंटवारे पर बाद में होगी बातचीत

दोनों दलों ने फिलहाल गठबंधन की घोषणा कर दी है, लेकिन विधानसभा चुनाव में कौन कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगा, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। अमित शाह ने स्पष्ट किया कि सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के बीच बातचीत बाद में की जाएगी।

अकाली दल की एनडीए में वापसी को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। अब दोनों दलों के सामने अपने पुराने मतभेदों को पीछे छोड़कर साझा चुनावी रणनीति तैयार करने की चुनौती होगी।

 

Check Also

यूपी चुनाव में किसी को समर्थन नहीं देंगे अभिजीत दीपके, कॉकरोच जनता पार्टी ने साफ किया अपना रुख

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने अपनी रणनीति …