Tuesday , 24 November 2026

अब जीते-जी अपनी अंतिम विदाई की तैयारी कर रहे लोग! चार कंधों से पिंडदान तक की जिम्मेदारी उठा रही कंपनी, IITF में चर्चा

नई दिल्ली: महानगरों में बदलती जीवनशैली और व्यस्तता का असर अब अंतिम संस्कार जैसी पारंपरिक जिम्मेदारियों पर भी दिखाई देने लगा है। कई परिवारों के सामने किसी अपने के निधन के बाद अंतिम यात्रा के लिए चार कंधे जुटाने से लेकर पंडित, अंतिम संस्कार की सामग्री और अस्थि विसर्जन तक की व्यवस्था करना चुनौती बन जाता है। ऐसे में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हॉल नंबर 7A में लगा Moksh Voyage का स्टॉल चर्चा का विषय बना हुआ है। यह संस्था अंतिम संस्कार से लेकर पिंडदान और अस्थि विसर्जन तक की सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा कर रही है। संस्था के मुताबिक, अब तक 300 से अधिक लोग इसके लिए पंजीकरण करा चुके हैं।

महानगरों में अंतिम यात्रा के लिए भी लोगों की कमी

कभी शादी-ब्याह में बारातियों की भीड़ जुटाना मुश्किल नहीं होता था, लेकिन बदलती जीवनशैली में अब लोगों के पास खुशियों और दुख, दोनों मौकों पर समय की कमी दिखाई देने लगी है। लोग अपने काम और निजी जिंदगी में इतने व्यस्त हैं कि कई बार किसी परिवार को अंतिम यात्रा के लिए चार कंधे जुटाने में भी परेशानी होती है।

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में Moksh Voyage का स्टॉल इसी बदलती सामाजिक स्थिति की ओर ध्यान खींच रहा है। यहां आने वाले लोग अंतिम संस्कार से जुड़ी सेवाओं के बारे में जानकर हैरानी जताते हैं और यह समझने की कोशिश करते हैं कि आखिर ऐसी व्यवस्था की जरूरत क्यों पड़ रही है।

अंतिम संस्कार से पिंडदान तक की व्यवस्था

नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड की पहल Moksh Voyage दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कुछ शहरों में सेवाएं दे रही है। कंपनी का कहना है कि उसका उद्देश्य किसी अपने को खो चुके परिवार को अंतिम संस्कार की तैयारियों के दौरान होने वाली भागदौड़ से राहत देना है।

इसके तहत पार्थिव शरीर को घर से श्मशान तक ले जाने के लिए विशेष वाहन, अर्थी, अंतिम संस्कार की सामग्री, लकड़ी और पंडित की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा फूलों की सजावट, धार्मिक अनुष्ठान, अस्थि संग्रह, अस्थि विसर्जन के लिए नाव और घाट की व्यवस्था भी उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। परिवार अपनी जरूरत के मुताबिक इन सेवाओं की जिम्मेदारी संस्था को सौंप सकते हैं।

बुजुर्ग खुद करा रहे अपनी अंतिम विदाई का पंजीकरण

इस पहल का एक भावुक पहलू यह भी है कि कुछ लोग अपनी जिंदगी में ही अंतिम विदाई की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं। कंपनी के निदेशक विश्व कंदर्प के मुताबिक, कई बुजुर्ग इस वजह से पहले ही पंजीकरण करा रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि उनके बच्चे उन पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते। ऐसे में वे चाहते हैं कि उनके निधन के बाद की व्यवस्थाएं पहले से तय रहें।

यह स्थिति परिवारों के बदलते रिश्तों और बुजुर्गों की चिंता से जुड़ा एक गंभीर सवाल भी खड़ा करती है। जिन माता-पिता ने पूरी जिंदगी बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य के लिए लगा दी, उनमें से कुछ अब अपने अंतिम सफर की तैयारी भी खुद कर रहे हैं।

कंपनी की पहल के पीछे विचार यह है कि परिवार पहले से जरूरी इंतजाम तय कर सके, ताकि किसी अपने के निधन के बाद शोक की घड़ी में अंतिम संस्कार की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।

विदेश में निधन होने पर भारत लाने में भी मदद

कंपनी के मुताबिक, विदेश में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में भी सहायता दी जाती है। ब्रिटेन जैसे देशों में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में कई सप्ताह लगने की स्थिति में संस्था पार्थिव शरीर को भारत लाने और इसके बाद अस्थियों से जुड़ी व्यवस्थाओं में सहयोग देने का दावा करती है।

लावारिस शवों और जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क सहायता

Moksh Voyage की पहल का एक मानवीय पक्ष आर्थिक रूप से कमजोर और बेसहारा लोगों से भी जुड़ा है। कंपनी के अनुसार, लावारिस शवों और जरूरतमंद परिवारों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए निशुल्क सहायता का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य उन लोगों को भी सम्मान के साथ अंतिम विदाई देना है, जिनके पास अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं।

अंतिम संस्कार की सेवाओं के लिए अलग-अलग पैकेज

कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अंतिम संस्कार और धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़ी सेवाओं के लिए अलग-अलग शुल्क तय किए गए हैं।

सेवा अनुमानित शुल्क
सम्मान सेवा 29,999 रुपये
श्राद्ध सेवा 69,999 रुपये
मोक्ष संकल्प सेवा 1,49,999 रुपये
अंतिम यात्रा वाहन 5,999 रुपये
अर्थी और पूजन सामग्री किट 9,999 रुपये
अंत्येष्टि पंडित सेवा 5,999 रुपये
अस्थि संचयन 2,999 रुपये
अस्थि विसर्जन 5,999 रुपये
शांति पाठ 5,999 रुपये
त्रयोदश संस्कार 5,999 रुपये
पिंडदान 15,000 से 30,000 रुपये

कंपनी के अनुसार, पिंडदान का शुल्क स्थान और विधि के आधार पर अलग-अलग हो सकता है।

अंतिम विदाई के बहाने बदलते रिश्तों पर बड़ा सवाल

Moksh Voyage का स्टॉल एक ओर अंतिम संस्कार से जुड़ी व्यवस्थाओं को आसान बनाने का दावा कर रहा है, तो दूसरी ओर समाज के सामने एक असहज सवाल भी खड़ा कर रहा है। क्या जीवन की भागदौड़ में लोग इतने व्यस्त हो गए हैं कि अपनों की अंतिम विदाई के लिए भी समय निकालना मुश्किल हो रहा है?

अंतिम यात्रा में चार कंधे केवल एक रस्म नहीं, बल्कि रिश्तों, अपनापन और साथ का प्रतीक माने जाते हैं। अंतिम संस्कार की व्यवस्थाएं भले ही अब कंपनियों के जरिए पूरी की जा सकें, लेकिन अपनों की मौजूदगी और उनके कंधे की जगह कोई सेवा नहीं ले सकती।

 

Check Also

यूपी चुनाव में किसी को समर्थन नहीं देंगे अभिजीत दीपके, कॉकरोच जनता पार्टी ने साफ किया अपना रुख

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने अपनी रणनीति …