
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और रवि किशन हाल ही में करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 में नजर आए। शो के दौरान दोनों कलाकारों ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई किस्से साझा किए। इस बीच एक टास्क के दौरान अक्षय कुमार ने पत्नी ट्विंकल खन्ना को फोन किया। फोन पर ट्विंकल ने जिस अंदाज में उनसे बात की, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद अक्षय को लेकर मजेदार प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं, वहीं कुछ यूजर्स ने इस पूरे घटनाक्रम को स्क्रिप्टेड भी बताया।
ट्विंकल खन्ना ने फोन पर अक्षय कुमार को किया रोस्ट
शो में अक्षय कुमार और रवि किशन को एक टास्क दिया गया था, जिसमें दोनों को अपनी-अपनी पत्नियों से फोन पर बात करनी थी। रवि किशन ने अपनी पत्नी से बातचीत की, जबकि अक्षय कुमार ने ट्विंकल खन्ना को फोन लगाया।
कॉल के दौरान अक्षय ने ट्विंकल से ठीक से बात करने को कहा। इस पर ट्विंकल ने जवाब दिया कि वह काफी थकी हुई हैं और उनकी नींद पूरी नहीं हुई है। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि अक्षय सुबह-सुबह अनूप जलोटा के भजन चला देते हैं, जिससे उनकी नींद खराब होती है।
करण जौहर के शो में आने पर भी ट्विंकल ने ली चुटकी
बातचीत के दौरान ट्विंकल खन्ना ने करण जौहर के शो में आने को लेकर भी मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ‘भोकट में कौन जाए।’ इस पर करण जौहर ने प्रतिक्रिया दी और अक्षय कुमार ने उन्हें बताया कि वह इस समय ‘कॉफी विद करण’ के शो में हैं। फोन पर हुई इस बातचीत ने शो में मौजूद लोगों को भी हंसने का मौका दिया।
वायरल वीडियो पर यूजर्स ने उठाए सवाल
ट्विंकल खन्ना और अक्षय कुमार की इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने इसे मजेदार पल बताया, जबकि कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि यह बातचीत वास्तविक थी या पहले से तय की गई थी। कुछ नेटिजन्स ने इसे स्क्रिप्टेड करार दिया है।
Navyug Samachar