Thursday , 26 November 2026

AAP के 14वें स्थापना दिवस पर केजरीवाल का विपक्ष को संदेश? बोले- ‘हम राजनीति बदलने आए थे और बदलकर दिखाया’

नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी (AAP) गुरुवार को अपना 14वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी की ओर से पंजाब के मोगा में मेगा रैली आयोजित की जा रही है, जिसमें पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक मंच पर नजर आ सकते हैं। साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इस आयोजन को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। रैली से पहले अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के अब तक के सफर को याद करते हुए विरोधियों और आलोचकों को लेकर अपनी बात रखी।

‘पार्टी कितने दिन टिकेगी, हमसे ऐसे सवाल पूछे जाते थे’

स्थापना दिवस पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने बेहद कम समय में लंबा राजनीतिक सफर तय किया है। उन्होंने याद किया कि जब पार्टी की शुरुआत हुई थी, तब कई तरह के सवाल उठाए गए थे। लोग पूछते थे कि क्या यह पार्टी कुछ कर पाएगी, कितने दिन तक टिकेगी और इसके नेताओं को राजनीति की कितनी समझ है।

केजरीवाल के मुताबिक, तमाम सवालों और चुनौतियों के बावजूद पार्टी न केवल अपने अस्तित्व को बनाए रखने में सफल रही, बल्कि देशभर के लोगों का विश्वास और समर्थन भी हासिल किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाई। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, गोवा और गुजरात समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में भी पार्टी को लोगों का प्यार मिला है।

‘हमने शिक्षा और स्वास्थ्य पर काम की राजनीति की’

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने राजनीति में कामकाज के मुद्दों को प्राथमिकता दी। पार्टी ने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी राजनीति के तौर-तरीकों से प्रभावित होने के बजाय राजनीति में बदलाव लाने के उद्देश्य से आगे बढ़ी और इसमें सफलता भी हासिल की।

उन्होंने कहा कि अभी देश के लिए बहुत कुछ करना बाकी है। पार्टी का सफर आगे भी जारी रहेगा और कार्यकर्ता अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटेंगे।

मोगा की रैली पर टिकी नजरें, 2027 चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन

AAP के 14वें स्थापना दिवस के मौके पर पंजाब के मोगा में होने वाली मेगा रैली को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में खास दिलचस्पी है।

केजरीवाल ने स्थापना दिवस पर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी न डरेगी और न पीछे हटेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से देश के लिए काम करते रहने का आह्वान किया।

 

Check Also

रसोई का बजट बिगाड़ रही महंगाई! एक साल में प्याज के दाम करीब दोगुने, चीनी 31% और खाद्य तेल 15% तक महंगे

नेशनल डेस्क: महंगाई की मार अब आम आदमी की रसोई पर साफ नजर आने लगी …