Monday , 5 October 2026

कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम बना मौत का जाल! छत गिरते ही मची चीख-पुकार, मलबे में 40 से ज्यादा मजदूरों के फंसे होने की आशंका

राष्ट्रीय डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार को बड़ा निर्माण हादसा हो गया। तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे के समय बड़ी संख्या में मजदूर अंदर काम कर रहे थे और आशंका जताई जा रही है कि 40 से ज्यादा लोग मलबे के नीचे फंस सकते हैं।

काम के दौरान गिरा लोहे का ढांचा, मची भगदड़

बताया जा रहा है कि गोदाम की पहली मंजिल पर छत डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक लोहे का स्ट्रक्चर और कंक्रीट का हिस्सा नीचे आ गिरा। हादसा इतना तेज था कि कई मजदूर संभलने का मौका भी नहीं पा सके और मलबे के नीचे दब गए।

अब तक 13 मजदूरों को बाहर निकाला गया

घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। मौके पर दमकल विभाग, स्थानीय प्रशासन और बचाव टीमें पहुंचीं। जानकारी के अनुसार अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका बनी हुई है।

गैस कटर से काटा जा रहा मलबा, सेना भी जुटी

बचाव दल लोहे के भारी बीम और गिरे हुए स्ट्रक्चर को हटाने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल कर रहे हैं। सेना और अन्य आपातकालीन टीमें भी अभियान में लगी हुई हैं ताकि अंदर फंसे लोगों तक जल्द पहुंचा जा सके।

वायरल वीडियो में दिखा हादसे के बाद का भयावह दृश्य

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में घटनास्थल का गंभीर मंजर दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति फोन पर मदद मांगते हुए सुनाई दे रहा है और कई लोगों के दबे होने की बात कह रहा है। चारों तरफ लोहे के ढांचे और कंक्रीट का मलबा फैला दिखाई दे रहा है।

घटनास्थल पहुंचे मंत्री, निर्माण को लेकर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री डॉ. इंद्रनील खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना है। साथ ही उन्होंने निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए और मामले की जांच की बात कही।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …