Thursday , 10 September 2026

अचानक प्रदर्शनकारियों से माफी मांगने लगे अभिजीत दीपके, संसद मार्च में लाठीचार्ज के बाद बोले- लड़ाई नहीं रुकेगी, हर घायल से करूंगा बात

नेशनल डेस्क: दिल्ली में संसद मार्च के दौरान सोमवार को हुए हंगामे और पुलिस लाठीचार्ज के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रमुख अभिजीत दीपके का बड़ा बयान सामने आया है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। दीपके ने कहा कि वह अपने समर्थकों को पुलिस की कठोर कार्रवाई से बचाने के लिए और बेहतर तैयारी कर सकते थे। साथ ही उन्होंने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के साथ निर्दयता बरतने का आरोप लगाया।

घायल युवाओं और छात्राओं से मांगी सार्वजनिक माफी

संसद घेराव आंदोलन के अगले दिन मंगलवार को अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश जारी किया। जंतर-मंतर पर मौजूद रहने के बावजूद कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पाने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उन्होंने लिखा कि वह अपने सभी समर्थकों, विशेषकर उन युवा छात्राओं से दिल से माफी मांगते हैं, जिन पर पुरुष पुलिसकर्मियों ने बेरहमी से लाठीचार्ज किया। उन्होंने कहा कि वह अपने साथियों को इस कार्रवाई से सुरक्षित रखने के लिए बेहतर इंतजाम कर सकते थे।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई, सरकार पर साधा निशाना

अपने संदेश में अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 20 मासूम बच्चों की मौतों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार धर्मेंद्र प्रधान की कुर्सी बचाने के लिए सरकार हजारों युवाओं का खून बहाने पर उतारू हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्रवाई और सरकारी दबाव के बावजूद उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता।

घायलों से व्यक्तिगत रूप से बात करने की जताई इच्छा

अभिजीत दीपके ने पुलिस कार्रवाई में घायल हुए प्रदर्शनकारियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनसे सीधे संपर्क करने की अपील भी की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यदि कोई प्रदर्शनकारी इस कार्रवाई में घायल हुआ है और उनकी पोस्ट पढ़ रहा है, तो वह उन्हें डायरेक्ट मैसेज करे। उन्होंने कहा कि वह सभी घायलों से व्यक्तिगत रूप से फोन पर बात कर माफी मांगना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों को भरोसा दिलाया कि छात्रों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।

 

Check Also

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कुनार आप में शामिल, सीएम मान ने किया स्वागत

पंजाब डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार …