Monday , 5 October 2026

अयोध्या दौरे से पहले कांग्रेस पर प्रशासन की सख्ती! यूपी अध्यक्ष अजय राय हाउस अरेस्ट, राम मंदिर मुद्दे पर बढ़ी राजनीतिक हलचल

नेशनल डेस्क : राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। प्रशासन ने उन्हें अयोध्या स्थित होटल पद्म श्री पैलेस में ही रोक दिया है।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहा है। इसी कार्यक्रम की तैयारियों के लिए अजय राय पहले ही अयोध्या पहुंच चुके थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें होटल में ही नजरबंद कर दिया।

कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं कई सांसद और वरिष्ठ नेता

कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व एमएलसी शामिल हैं। सुबह करीब 9:30 बजे रामलला के दर्शन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। नौ सदस्यीय इस टीम में अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर से सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज से सांसद उज्ज्वल रमण सिंह और बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

राम मंदिर चढ़ावा मामले में जांच ने पकड़ी रफ्तार

दूसरी ओर राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस ने जांच के तहत भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत छह से सात बैंकों को नोटिस जारी किया है। इन बैंकों से ट्रस्ट से जुड़े खातों, लॉकरों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का विस्तृत विवरण मांगा गया है।

बैंक खातों और लेन-देन की हो रही गहन पड़ताल

जांच एजेंसियां बैंक ट्रांजैक्शन के जरिए धन के प्रवाह की कड़ी दर कड़ी जांच कर रही हैं। इसके साथ ही आरोपियों और ट्रस्ट से जुड़े अन्य व्यक्तियों के वित्तीय रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि बैंकिंग दस्तावेजों की जांच से मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

बैंक कर्मचारियों और नकदी प्रबंधन स्टाफ की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस ने बैंक कर्मचारियों और नकदी प्रबंधन से जुड़े कर्मियों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। जांच का केंद्र इस बात पर है कि दान राशि की गिनती, उसकी सुरक्षा और बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया के दौरान कहीं लापरवाही हुई या किसी स्तर पर मिलीभगत की आशंका तो नहीं है।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …