Thursday , 10 September 2026

यूपी में हवाई क्रांति को मिली नई रफ्तार! नए एयरपोर्ट, टर्मिनल और विस्तार परियोजनाओं से बदल रही प्रदेश की तस्वीर

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र तेजी से विस्तार के दौर से गुजर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हवाई संपर्क को मजबूत बनाने के लिए नए एयरपोर्ट, आधुनिक टर्मिनल भवनों और मौजूदा हवाई अड्डों के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। सरकार का फोकस प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर हवाई नेटवर्क से जोड़कर पर्यटन, उद्योग और निवेश को नई गति देना है।

नागरिक उड्डयन विभाग की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार गोरखपुर, आगरा, कानपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद और श्रावस्ती एयरपोर्ट परियोजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।

गोरखपुर में नया सिविल टर्मिनल लगभग तैयार

गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नया सिविल टर्मिनल विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के लिए भारतीय वायुसेना की 42.14 एकड़ भूमि के हस्तांतरण को लेकर राज्य सरकार, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और रक्षा मंत्रालय के बीच समझौता हो चुका है। परियोजना के तहत परिसंपत्तियों के स्थानांतरण का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में यहां से प्रतिदिन औसतन 12 उड़ानों का संचालन किया जा रहा है।

आगरा एयरपोर्ट पर तेजी से चल रहा निर्माण कार्य

आगरा एयरपोर्ट पर नए सिविल टर्मिनल के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके अलावा अतिरिक्त भूमि का भी अधिग्रहण किया गया है। निर्माण कार्य की प्रगति लगभग 60 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है और परियोजना निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने की दिशा में काम जारी है।

कानपुर एयरपोर्ट के विस्तार की तैयारी

कानपुर एयरपोर्ट पर पहले चरण में नए सिविल टर्मिनल का निर्माण पूरा हो चुका है और इसका लोकार्पण भी किया जा चुका है। वर्तमान में यहां से चार उड़ानों का संचालन हो रहा है। बढ़ती जरूरतों को देखते हुए टर्मिनल परिसर के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।

अलीगढ़ एयरपोर्ट को मिलेगा बड़ा विस्तार

अलीगढ़ एयरपोर्ट का विकास कार्य पूरा होने के बाद अब इसके व्यापक विस्तार की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए बड़ी मात्रा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है। अधिकांश भूमि का क्रय किया जा चुका है, जबकि शेष भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई जारी है। इस परियोजना पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मुरादाबाद एयरपोर्ट के विस्तार की प्रक्रिया जारी

मुरादाबाद हवाई पट्टी को एयरपोर्ट के रूप में विकसित किए जाने के बाद अब इसके विस्तार को लेकर तकनीकी स्तर पर कार्य चल रहा है। भूमि उपलब्धता, भू-निर्देशांकों के सत्यापन और मास्टर प्लान के अनुरूप विकास की दिशा में संबंधित एजेंसियां समन्वय स्थापित कर रही हैं।

श्रावस्ती एयरपोर्ट विस्तार को मिली गति

श्रावस्ती एयरपोर्ट के विस्तार के लिए अधिकांश भूमि का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है। शेष भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी है। परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है, जिससे आगे के विकास कार्यों को गति मिलेगी।

पर्यटन, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि बेहतर हवाई संपर्क से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। नागरिक उड्डयन क्षेत्र में हो रहा यह विस्तार उत्तर प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Check Also

कानपुर में बड़ा हादसा टला! देवी मां के कहने पर परिवार ने खाली किया मकान, 2 घंटे बाद भरभरा कर गिरा चार मंजिला हिस्सा

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बंगाली …