Sunday , 9 August 2026

कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच पीएम मोदी की अहम बैठक, सचिवों के साथ सुधार एजेंडे पर होगा मंथन

नेशनल डेस्क: केंद्र सरकार में संभावित कैबिनेट फेरबदल की चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को विभागीय सचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में व्यापार सुगमता, नियमों में ढील, प्रशासनिक सुधार और आत्मनिर्भर भारत जैसे प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब केंद्र सरकार विभिन्न क्षेत्रों में सुधारों की गति तेज करने और शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दे रही है। सेशेल्स की यात्रा से लौटने के बाद प्रधानमंत्री सीधे इस अहम समीक्षा बैठक में शामिल होंगे।

सचिव स्तर पर दूसरी बड़ी समीक्षा बैठक

सूत्रों के अनुसार शीर्ष नौकरशाहों के साथ प्रधानमंत्री की यह दूसरी महत्वपूर्ण बैठक होगी। इससे पहले 21 मई को केंद्रीय सचिवों और मंत्रिपरिषद के साथ विकसित भारत के रोडमैप को लेकर संयुक्त बैठक आयोजित की गई थी। उस बैठक में भी दीर्घकालिक विकास रणनीति और प्रशासनिक सुधारों पर जोर दिया गया था।

मंगलवार को होने वाली बैठक में सरकार के सुधार कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की जाएगी।

ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर रहेगा फोकस

बैठक का मुख्य केंद्र नागरिकों के जीवन को आसान बनाने, कारोबार करने की प्रक्रिया को सरल बनाने और विभिन्न नियमों में आवश्यक सुधार लाने पर रहेगा। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनाना है।

इसके साथ ही आत्मनिर्भर भारत अभियान को और मजबूती देने के लिए विभिन्न मंत्रालयों द्वारा उठाए गए कदमों का भी आकलन किया जाएगा।

सचिव देंगे प्रेजेंटेशन, मांगे जाएंगे सुझाव

जानकारी के मुताबिक बैठक में प्रत्येक सचिव को अपने मंत्रालय की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर प्रस्तुति देने के लिए सीमित समय दिया जाएगा। इस दौरान नागरिक सेवाओं और व्यापारिक गतिविधियों को अधिक सुगम बनाने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी साझा की जाएगी।

साथ ही विभिन्न मंत्रालयों से सुधार एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए नए सुझाव भी मांगे जा सकते हैं।

सुधारों की रफ्तार बढ़ाने पर सरकार का जोर

केंद्र सरकार पिछले कुछ समय से विनियामक सुधारों और प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का मानना है कि नियमों में आवश्यक बदलाव और बेहतर समन्वय से निवेश, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इसी उद्देश्य से विभिन्न समितियों और विभागों को पहले ही जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं।

सेशेल्स दौरे से लौटेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल सेशेल्स के आधिकारिक दौरे पर हैं। उनका यह दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण माना गया, जहां उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित भी किया गया। यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों, सांस्कृतिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को लेकर कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा हुई।

 

Check Also

अतीक के बेटे अबान के जनाजे में उमड़ी भारी भीड़, बैरिकेडिंग टूटी; लखनऊ जेल से उमर और झांसी से अली भी पहुंचे

यूपी डेस्क: प्रयागराज में शनिवार को माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे के …