
नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने इस अभियान को भारत की सामूहिक शक्ति का प्रतीक बताया और कहा कि यह केंद्र सरकार के ‘विकसित भारत’ के प्रयासों में सभी को एकजुट करता है।
तिरंगा यात्रा और सामूहिक गान में शामिल होने की अपील
अमित शाह ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश साझा करते हुए नागरिकों से तिरंगा यात्रा में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने वंदे मातरम के सामूहिक गान में शामिल होने और हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने की भी अपील की।
वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ से भी जुड़ा अभियान
गृह मंत्री ने कहा कि इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के साथ हो रहा है। इस वजह से यह अभियान हर देशभक्त के लिए और भी विशेष बन गया है।
पीएम मोदी भी कर चुके हैं देशवासियों से अपील
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी नौ अगस्त को देशवासियों से हर घर तिरंगा आंदोलन में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया था। उन्होंने तिरंगे को भारत के गर्व का प्रतीक बताते हुए इसे प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया था।
6 अगस्त को शुरू हुआ हर घर तिरंगा 2026 अभियान
संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने छह अगस्त को नई दिल्ली में हर घर तिरंगा 2026 अभियान की शुरुआत की थी। यह अभियान नौ से 17 अगस्त तक देशभर में मनाया जा रहा है। यह पहल भारत के सबसे बड़े जनभागीदारी आंदोलनों में से एक बन चुकी है।
Navyug Samachar