Wednesday , 9 September 2026

‘बाबा बागेश्वर पर्चा निकालकर बता दें कौन है चढ़ावा चोरी का आरोपी’, राम मंदिर मामले पर राकेश टिकैत का तंज

नेशनल डेस्क : भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा मामले, भारत-अमेरिका संभावित व्यापार समझौते, स्मार्ट मीटर और उत्तर प्रदेश की राजनीति समेत कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर बाबा बागेश्वर पर भी तंज कसते हुए कहा कि यदि वे पर्चा निकालकर सब कुछ बता देते हैं तो इस मामले में शामिल आरोपियों के बारे में भी बता दें, जिससे पुलिस की परेशानी खत्म हो जाए।

मंगलवार को बातचीत के दौरान राकेश टिकैत ने कहा कि पुलिस और जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर चढ़ावे की चोरी हुई है तो दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई होना जरूरी है।

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर क्या बोले टिकैत?

राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामले पर राकेश टिकैत ने कहा कि जांच एजेंसियां काम कर रही हैं और कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। उन्होंने कहा कि यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि कितनी रकम की बरामदगी हुई है और चोरी में कौन-कौन लोग शामिल थे।

उन्होंने कहा कि पूरे ट्रस्ट को इस मामले से जोड़ना उचित नहीं होगा। उनके मुताबिक, जिन लोगों की जिम्मेदारी चढ़ावे की गिनती और प्रबंधन की थी, जांच का दायरा उनके आसपास केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने दान की राशि में गड़बड़ी की है तो उसे जवाब देना ही होगा।

‘मंदिर परिसर से बाहर हो कार्रवाई’

टिकैत ने कहा कि सरकार और पुलिस को अपनी कार्रवाई मंदिर परिसर के बाहर करनी चाहिए, क्योंकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करे और जांच को बिना किसी दबाव के आगे बढ़ने दिया जाए।

अयोध्या जाने वाले नेताओं पर भी साधा निशाना

अयोध्या में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के पहुंचने पर प्रतिक्रिया देते हुए टिकैत ने कहा कि मौजूदा माहौल में नेताओं को संयम बरतना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले मामले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी हो जाए, उसके बाद स्थिति अधिक स्पष्ट होगी।

उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस तरह नेता अयोध्या पहुंच रहे हैं, उससे ऐसा लगता है कि वे माहौल शांत करने के बजाय उसे और गर्माने की कोशिश कर रहे हैं।

बाबा बागेश्वर पर कसा तंज

बाबा बागेश्वर के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट की जिम्मेदारी सनातन धर्म में आस्था रखने वालों को देने की बात कही थी, टिकैत ने कहा कि यदि बाबा पर्चा निकालकर लोगों के बारे में जानकारी बता देते हैं तो उन्हें राम मंदिर चढ़ावा मामले के आरोपियों का नाम भी बता देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसा हो जाए तो पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी और पुलिस-प्रशासन को जांच में इतनी मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर जताई चिंता

राकेश टिकैत ने भारत और अमेरिका के बीच संभावित मुक्त व्यापार समझौते को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों के दबाव के कारण अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है। उनका दावा है कि यदि ऐसा समझौता होता है और विदेशी उत्पाद बिना शुल्क के भारत आते हैं, तो इसका असर भारतीय किसानों पर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि अगर समझौता हुआ तो किसान संगठन इसका विरोध करेंगे और आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

स्मार्ट मीटर को बताया बड़ा मुद्दा

किसान नेता ने स्मार्ट मीटर को भी बड़ा जनहित का मुद्दा बताते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को अपने चुनावी घोषणापत्र में इस पर स्पष्ट रुख बताना चाहिए। उन्होंने सरकार से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और हर घर तक सोलर सिस्टम पहुंचाने के लिए अधिक सब्सिडी देने की मांग की।

यूपी की राजनीति पर भी दी प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए टिकैत ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला मजबूत है और चुनावी रणनीतियों पर लगातार काम किया जा रहा है।

‘हर जगह मिल जाते हैं गलत काम करने वाले लोग’

राकेश टिकैत ने कहा कि किसी भी संस्था, संगठन या धार्मिक व्यवस्था में कुछ लोग गलत गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पूरे मामले को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अब जांच एजेंसियों को अपना काम करने देना चाहिए और बिना किसी दबाव के सच सामने आने देना चाहिए।

 

Check Also

भाजपा में बदलाव पर कांग्रेस में जश्न! अमित मालवीय की विदाई पर सुप्रिया श्रीनेत ने साधा निशाना, बोलीं- नई टीम की राह आसान नहीं

नेशनल डेस्क: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के ऐलान के बाद कांग्रेस की ओर से …