Sunday , 9 August 2026

मौसम का बिगड़ा मिजाज! 23 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तूफानी हवाएं

मौसम डेस्क: देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार समेत 23 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। किसानों और मछुआरों के लिए भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 9 जुलाई को कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है, जिससे जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बनने का खतरा बढ़ सकता है।

इन राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है।

इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात क्षेत्र, केरल और माहे, तटीय कर्नाटक तथा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इन इलाकों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है। साथ ही कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

मुंबई में 15 जुलाई तक राहत के आसार नहीं

मुंबई और आसपास के इलाकों में फिलहाल बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 जुलाई तक मुंबई और उपनगरों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है।

मौसम में बदलाव का बड़ा कारण उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र है। इसके उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने और बाद में उत्तर-पूर्व की ओर मुड़कर उत्तर प्रदेश की तरफ जाने की संभावना जताई गई है।

यूपी के इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इनमें मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, आगरा, अमेठी, अमरोहा, अयोध्या, बागपत, कन्नौज, कानपुर देहात, बांदा, बाराबंकी, एटा, इटावा, मैनपुरी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, शामली, सीतापुर, सुल्तानपुर और उन्नाव शामिल हैं।

दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून

दक्षिण भारत के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में अगले कुछ दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ जैसे हालात

पूर्वोत्तर भारत में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 9 जुलाई को बेहद भारी बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।

दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने के आसार

दिल्ली-एनसीआर में मौसम सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा। कई इलाकों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। सुबह या दोपहर के समय आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना है।

दिल्ली में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

 

Check Also

अतीक के बेटे अबान के जनाजे में उमड़ी भारी भीड़, बैरिकेडिंग टूटी; लखनऊ जेल से उमर और झांसी से अली भी पहुंचे

यूपी डेस्क: प्रयागराज में शनिवार को माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे के …