Saturday , 15 August 2026

‘बजरंगी भाईजान’ के अभिनेता राजेश शर्मा को कीड़े ने काटा, अस्पताल में भर्ती; जानिए कौन हैं एक्टर और कैसा है परिवार

मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड और बंगाली सिनेमा में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले अभिनेता राजेश शर्मा को कीड़े के काटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता प्रभास की आगामी फिल्म की शूटिंग के दौरान रामोजी फिल्म सिटी में एक जहरीले कीड़े के काटने से घायल हो गए थे। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि कीड़े के काटने के बाद राजेश शर्मा की परेशानी बढ़ गई, क्योंकि उनके रक्त में शुगर का स्तर काफी अधिक था। इसी वजह से संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं का खतरा बढ़ गया। फिलहाल अभिनेता का इलाज अस्पताल की क्रिटिकल केयर यूनिट में चल रहा है और डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अस्पताल की ओर से पूरी जांच के बाद ही आधिकारिक स्वास्थ्य अपडेट जारी किया जाएगा।

कौन हैं राजेश शर्मा?

राजेश शर्मा भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेताओं में शामिल हैं। उन्होंने हिंदी और बंगाली फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। अलग-अलग तरह के किरदारों को पर्दे पर जीवंत करने के लिए उन्हें जाना जाता है। अपने लंबे करियर में उन्होंने गंभीर, कॉमेडी और भावनात्मक भूमिकाओं में शानदार प्रदर्शन किया है।

राजेश शर्मा का जन्म 8 अगस्त 1980 को पंजाब में हुआ था। उन्होंने अपने अभिनय सफर की शुरुआत रंगमंच से की। साल 1996 में कोलकाता के ‘रंगाकर्मी’ थिएटर ग्रुप के जरिए उन्होंने थिएटर की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद बंगाली फिल्मों में काम करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।

साल 2005 में फिल्म ‘परिणीता’ के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और इसके बाद लगातार कई सफल फिल्मों का हिस्सा बने।

राजेश शर्मा की चर्चित फिल्में

राजेश शर्मा ने अपने करियर में कई लोकप्रिय फिल्मों में काम किया है। इनमें ‘खोसला का घोंसला’, ‘इश्किया’, ‘नो वन किल्ड जेसिका’, ‘चिल्लर पार्टी’, ‘द डर्टी पिक्चर’, ‘लव शव ते चिकन खुराना’, ‘स्पेशल 26’, ‘बीए पास’, ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’, ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ और ‘इंडियाज मोस्ट वांटेड’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

हाल के वर्षों में भी राजेश शर्मा कई फिल्मों में नजर आए हैं। अस्पताल में भर्ती होने से पहले वह रामोजी फिल्म सिटी में प्रभास अभिनीत एक आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह फिल्म ‘फौजी’ है या ‘स्पिरिट’।

राजेश शर्मा की पत्नी कौन हैं?

राजेश शर्मा की निजी जिंदगी काफी हद तक लाइमलाइट से दूर रही है। उन्होंने पहली शादी बंगाली अभिनेत्री सुदीप्ता चक्रवर्ती से की थी, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया।

इसके बाद साल 2011 में राजेश शर्मा ने संगीता शर्मा से शादी की। अभिनेता अपने परिवार और निजी जीवन को मीडिया से काफी दूर रखते हैं और इसके बारे में ज्यादा जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा नहीं करते।

 

Check Also

Ayushmann Khurrana की ‘उड़ता तीर’ की रिलीज डेट हुई फाइनल, Sara Ali Khan के साथ पहली बार दिखेगा नया अंदाज, इस दिन सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

मनोरंजन डेस्क: आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की आने वाली फिल्म ‘उड़ता तीर’ की …