Monday , 5 October 2026

CM योगी के मेरठ पहुंचने से पहले हाई अलर्ट, AI-CCTV और ड्रोन से निगरानी; कांवड़ियों पर होगी पुष्पवर्षा

उत्तर प्रदेश डेस्क: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार को मेरठ दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। मुख्यमंत्री कांवड़ियों का स्वागत करेंगे और शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन करेंगे। वीआईपी दौरे को देखते हुए कांवड़ मार्ग से लेकर प्रमुख इलाकों तक सुरक्षा, यातायात और निगरानी के इंतजामों को अंतिम रूप दिया गया है।

हिंडन से मेरठ तक CM योगी करेंगे हवाई सर्वेक्षण

तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिंडन एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के जरिए मेरठ के लिए रवाना होंगे। इस दौरान हिंडन से मेरठ तक कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कांवड़ियों के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लेंगे।

मेरठ के शोभित यूनिवर्सिटी परिसर में मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर के लिए हेलिपैड तैयार किया गया है। इसके बाद वह एनएच-58 पर मोदीपुरम क्षेत्र में दुल्हैड़ा पुलिस चौकी के पास बनाए गए विशेष मंच से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेंगे।

AI-CCTV से ड्रोन तक, चप्पे-चप्पे पर निगरानी

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले मेरठ पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक कर दिया है। एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, डीएम डॉ. वीके सिंह और एसएसपी अविनाश पांडेय ने कांवड़ मार्ग और प्रमुख इलाकों का निरीक्षण किया।

एडीजी ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित इंटीग्रेटेड सेंट्रल कमांड कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया। यहां सीसीटीवी कैमरों, मैट्रिक्स सॉफ्टवेयर और सोशल मीडिया निगरानी प्रणाली के जरिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने एनएच-58, पल्लवपुरम और मोदीपुरम क्षेत्र में पैदल गश्त कर बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन और पुलिस पिकेट की व्यवस्था भी जांची।

मोदीपुरम से रुड़की रोड तक ड्रोन की नजर

कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। एसपी सिटी के नेतृत्व में मोदीपुरम से रुड़की रोड तक श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ की स्थिति और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।

इसके अलावा स्थानीय खुफिया इकाई, बम निरोधक दस्ता और एंटी-सबोटाज टीमें मोदीपुरम और आसपास के संवेदनशील इलाकों में लगातार जांच अभियान चला रही हैं।

कांवड़ियों के लिए मेडिकल टीम से शेल्टर तक इंतजाम

सुरक्षा के साथ प्रशासन ने कांवड़ियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया है। कांवड़ मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल मेडिकल टीम, एंबुलेंस और पेयजल स्टॉल तैनात किए गए हैं।

श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए शेल्टर होम बनाए गए हैं। वहीं मार्ग पर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर

कांवड़ यात्रा के दौरान अफवाह और भ्रामक सूचनाओं को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सोशल मीडिया मंचों पर लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मेरठ दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब कांवड़ यात्रा अपने सबसे व्यस्त दौर में है। ऐसे में मुख्यमंत्री का कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कार्यक्रम सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इस दौरान कांवड़ मार्ग पर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहेगी।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …