
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार देर शाम सचिव और विशेष सचिव स्तर समेत कुल 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि बलिया, आजमगढ़ और इटावा समेत कई जिलों में भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। पीसीएस से आईएएस बने कुछ अधिकारियों को भी नई तैनाती मिली है।
सुधा वर्मा को मिली श्रमायुक्त की जिम्मेदारी
जारी तबादला सूची के मुताबिक, आईएएस अधिकारी सुधा वर्मा को सचिव, राजस्व विभाग के पद से हटाकर श्रमायुक्त, उत्तर प्रदेश नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. सारिका मोहन को महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा और सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद से महानिरीक्षक, निबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस नेहा शर्मा को महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा तथा सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग बनाया गया है।
ग्रामीण आजीविका मिशन और संस्कृति विभाग में बदलाव
आईएएस अरुण कुमार को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का मिशन निदेशक बनाया गया है। जे. रीमा को वर्तमान पद के साथ अपर निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आईएएस दीपा रंजन को विशेष सचिव, संस्कृति विभाग नियुक्त किया गया है। वहीं आईएएस संजय कुमार सिंह को निदेशक, संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि आईएएस विशाल सिंह को विशेष सचिव, संस्कृति विभाग बनाया गया है और उन्हें सूचना निदेशक तथा संस्कृति से संबंधित प्रभार से मुक्त किया गया है।
रिया केजरीवाल और संदीप भागिया को नई तैनाती
आईएएस रिया केजरीवाल को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग बनाया गया है। संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। परीक्षित खटाना को अपर आयुक्त, राज्य कर, गौतमबुद्ध नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
बलिया, आजमगढ़ और इटावा में बदले प्रशासनिक चेहरे
प्रशासनिक फेरबदल के तहत राकेश कुमार पटेल को मुख्य विकास अधिकारी, आजमगढ़ बनाया गया है। आलोक कुमार को मुख्य विकास अधिकारी, बलिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं संजय कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी, इटावा नियुक्त किया गया है। रेणु तिवारी को विशेष सचिव, महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग के पद से अवमुक्त किया गया है।
वन, नगर निगम और राजस्व विभाग में भी नई नियुक्तियां
जग प्रवेश को विशेष सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बनाया गया है। ओजस्वी राज को नगर आयुक्त, मथुरा-वृंदावन नगर निगम नियुक्त किया गया है। अजय कुमार गौतम को अपर आयुक्त, राज्य कर, गाजियाबाद की जिम्मेदारी मिली है। मनिकंदन ए को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद बनाया गया है। वहीं डॉ. वंदना वर्मा को संयुक्त प्रबंध निदेशक, सरकारी चीनी मिल्स का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
Navyug Samachar