Thursday , 10 September 2026

भारत को बड़ा झटका! पीठ की चोट के चलते दोहा डायमंड लीग से बाहर हुए नीरज चोपड़ा, स्विट्जरलैंड में कर रहे रिकवरी

नई दिल्ली : भारतीय एथलेटिक्स के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा 19 जून को आयोजित होने वाली दोहा डायमंड लीग में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। पीठ की चोट के कारण वह फिलहाल प्रतिस्पर्धी मुकाबलों से दूर हैं और स्विट्जरलैंड में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। उनके टूर्नामेंट से बाहर होने को भारतीय खेल जगत के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता और पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता नीरज चोपड़ा पिछले साल दोहा डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियों में आए थे। इसी प्रतियोगिता में उन्होंने पहली बार 90 मीटर का ऐतिहासिक आंकड़ा पार किया था और अपने करियर का नया अध्याय लिखा था।

स्विट्जरलैंड में चल रहा विशेष प्रशिक्षण शिविर

28 वर्षीय नीरज इन दिनों स्विट्जरलैंड के बिएन शहर में प्रशिक्षण और रिकवरी कार्यक्रम का हिस्सा हैं। उनके साथ लंबे समय से जुड़े फिजियोथेरेपिस्ट इशान मरवाहा और कोच जय चौधरी भी मौजूद हैं। यह 47 दिनों का विशेष ऑफ-सीजन प्रशिक्षण शिविर है, जहां नीरज आगामी बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हुए हैं।

राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों पर नजर

नीरज का मुख्य फोकस इस वर्ष होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों पर है। ऐसे में उनकी टीम कोई भी जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है और पूरी तरह फिट होने के बाद ही उन्हें प्रतिस्पर्धी मैदान में उतारने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।

दोहा में दिखेगा दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों का दम

दोहा डायमंड लीग में इस बार दुनिया के कई शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ी हिस्सा लेने जा रहे हैं। हाल ही में रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीतने वाले श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिराजे इस प्रतियोगिता के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।

इसके अलावा पाकिस्तान के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अरशद नदीम और मौजूदा विश्व चैंपियन केशार्न वालकाट भी प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

प्रतियोगिता में होगा कड़ा मुकाबला

दोहा डायमंड लीग में पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स और अमेरिका के विश्व कांस्य पदक विजेता कर्टिस थांपसन भी मैदान में उतरेंगे। ऐसे में प्रतियोगिता में विश्व स्तर के खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

हालांकि भारतीय खेल प्रेमियों की नजरें नीरज चोपड़ा की रिकवरी पर टिकी हैं और उम्मीद की जा रही है कि वह जल्द ही पूरी फिटनेस हासिल कर बड़े मंच पर वापसी करेंगे।

 

Check Also

पैट कमिंस जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज से होंगे बाहर? कप्तान के बयान से मची हलचल, सामने आई बड़ी वजह

ऑस्ट्रेलिया: ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान पैट कमिंस के जिम्बाब्वे के खिलाफ सितंबर में …