
यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक और पुलिस महकमे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। एक ओर राज्य सरकार ने दो सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के तबादले किए हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के 33 पीसीएस अधिकारियों के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नति का रास्ता लगभग साफ हो गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जून महीने के अंत तक इन अधिकारियों को आईएएस कैडर में पदोन्नति मिल जाएगी।
बुधवार को जारी तबादला आदेश के अनुसार लखनऊ में तैनात सहायक पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह को नई तैनाती देते हुए मोहनलालगंज का एसीपी बनाया गया है। वहीं मोहनलालगंज में तैनात रहे ज्ञानेंद्र सिंह को अब सहायक पुलिस आयुक्त लखनऊ कैंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दिल्ली में हुई अहम डीपीसी बैठक
पीसीएस अधिकारियों के आईएएस पदोन्नति मामले में बुधवार को दिल्ली में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित की गई। चयन वर्ष 2025 के लिए केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश को आईएएस पदोन्नति कोटे में 33 पद आवंटित किए हैं। इसी के आधार पर अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया।
नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार डीपीसी की बैठक छह सदस्यों की मौजूदगी में संपन्न हुई। राज्य सरकार की ओर से कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज तथा विशेष सचिव विजय कुमार शामिल हुए। इसके अलावा केंद्र सरकार के दो अधिकारी और संघ लोक सेवा आयोग के एक सदस्य ने भी बैठक में भाग लिया।
2012 बैच के अधिकारियों को भी मिल सकता है मौका
इस बार पदोन्नति के लिए उपलब्ध पदों की संख्या अधिक होने के कारण 2010 और 2011 बैच के साथ-साथ 2012 बैच के कुछ अधिकारियों को भी आईएएस बनने का अवसर मिल सकता है। अधिकारियों का कहना है कि 2010 और 2011 बैच में अफसरों की संख्या अपेक्षाकृत कम होने की वजह से पदोन्नति की संभावना आगे तक बढ़ी है।
इन अधिकारियों के नामों पर हुआ विचार
वर्ष 2010 बैच से डॉ. विश्राम, अशोक कुमार कन्नौजिया, पुष्पराज सिंह, राजकुमार द्विवेदी, राकेश कुमार पटेल, आलोक कुमार, सुशीला और संजय कुमार सिंह के नामों पर विचार किया गया।
वहीं वर्ष 2011 बैच से पूनम निगम, संतोष बहादुर सिंह, पंकज वर्मा, प्रदीप कुमार यादव, योगानंद पांडे, विजय कुमार सिंह, अतुल कुमार-11, डॉ. सुनील कुमार वर्मा, हर्ष देव पांडे, शैलेंद्र कुमार सिंह, डॉ. नितिन मदान, प्रियंका सिंह, अमित कुमार-1, रिंकी जायसवाल, अमित सिंह, अमित कुमार-11, विवेक श्रीवास्तव, वैभव मिश्रा, नरेंद्र बहादुर सिंह, संदीप कुमार और गरिमा स्वरूप समेत अन्य अधिकारियों के नाम शामिल रहे।
Navyug Samachar