
नेशनल डेस्क: आम लोगों को महंगी दवाओं से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने 39 आवश्यक दवाओं की खुदरा कीमतें तय कर दी हैं। इस फैसले के बाद ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हृदय रोग, संक्रमण और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाएं निर्धारित कीमत पर ही उपलब्ध होंगी।
इन बीमारियों की दवाएं शामिल
सरकार द्वारा तय की गई सूची में ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हृदय रोग, संक्रमण, आंखों की बीमारी, दर्द निवारक, विटामिन, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं। इनमें एम्लोडिपिन, टेल्मिसार्टन, मेटोप्रोलोल, एमोक्सिसिलिन, क्लैवुलानेट पोटेशियम, एटोरवास्टेटिन, क्लोपिडोग्रेल, डापाग्लिफ्लोज़िन, एम्पाग्लिफ्लोज़िन, मेटफॉर्मिन, ग्लिमेपिराइड, सिटाग्लिप्टिन, विटामिन-डी समेत कई दवाओं के विभिन्न फॉर्मुलेशन की कीमतें निर्धारित की गई हैं।
कंपनियां तय कीमत से ज्यादा नहीं वसूल सकेंगी
एनपीपीए ने स्पष्ट किया है कि कोई भी दवा निर्माता या विक्रेता इन दवाओं को निर्धारित खुदरा मूल्य से अधिक कीमत पर नहीं बेच सकेगा। यदि कोई कंपनी तय कीमत से ज्यादा वसूली करती है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई की जाएगी और अतिरिक्त वसूली गई राशि ब्याज सहित सरकारी खजाने में जमा करानी होगी।
दुकानों पर प्रदर्शित करनी होगी कीमतों की सूची
प्राधिकरण ने सभी दवा विक्रेताओं और वितरकों को निर्देश दिया है कि वे अपनी दुकान के प्रमुख स्थान पर निर्धारित कीमतों की सूची प्रदर्शित करें, ताकि उपभोक्ताओं को दवाओं की वास्तविक कीमत की जानकारी आसानी से मिल सके।
नई दवाओं पर भी लागू होंगे नियम
एनपीपीए ने कहा है कि जो कंपनियां इन फॉर्मुलेशन वाली नई दवाएं बाजार में लॉन्च करेंगी, उन्हें भी सरकार द्वारा तय की गई खुदरा कीमतों का पालन करना अनिवार्य होगा। निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री की अनुमति नहीं होगी।
39 दवाओं की कीमतें हुईं तय
एनपीपीए की सूची में शामिल 39 दवाओं के विभिन्न फॉर्मुलेशन की खुदरा कीमतें निर्धारित कर दी गई हैं। इनमें कुछ प्रमुख दवाओं के तय मूल्य इस प्रकार हैं—
- एम्लोडिपिन, टेल्मिसार्टन और मेटोप्रोलोल सक्सिनेट टैबलेट – 12.03 रुपये
- एमोक्सिसिलिन और क्लैवुलानेट पोटेशियम डिस्पर्सिबल टैबलेट – 27.31 रुपये
- एस्पिरिन और एटोरवास्टेटिन कैप्सूल – 3.67 रुपये
- एटोरवास्टेटिन और क्लोपिडोग्रेल टैबलेट – 14.87 रुपये
- सेटिरिज़िन ड्रॉप्स – 8.55 रुपये
- टेल्मिसार्टन और क्लोर्थालिडोन टैबलेट – 13.03 रुपये
- विटामिन-डी ओरल सॉल्यूशन – 15.88 रुपये
- टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन – 60,238.27 रुपये
- नेटासुंडिल और लैटानोप्रोस्ट ऑप्थैल्मिक सॉल्यूशन – 362.57 रुपये
- डारुनाविर, रिटोनाविर एवं डोलुटेग्राविर कॉम्बीकिट – 330.40 रुपये
Navyug Samachar