Sunday , 9 August 2026

योगी सरकार का बड़ा कदम, यूपी के 1300 स्कूलों में शुरू होगा ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’, छात्रों को मिलेगी स्किल ट्रेनिंग

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश सरकार स्कूली छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ रोजगारपरक कौशल से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। योगी सरकार प्रदेश के 1300 माध्यमिक विद्यालयों में ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ शुरू करने की तैयारी में है। इस परियोजना के तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को तीन महीने से लेकर एक वर्ष तक की कौशल आधारित ट्रेनिंग दी जाएगी।

सरकार इस महत्वाकांक्षी योजना पर लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है। इसका उद्देश्य छात्रों को स्कूली शिक्षा के साथ व्यावसायिक कौशल प्रदान कर उन्हें भविष्य के लिए अधिक सक्षम बनाना है।

2500 स्कूलों तक बढ़ेगा दायरा

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग से सरकारी स्कूलों की सूची मांगी गई है और जल्द ही नए विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 1200 विद्यालयों में ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ संचालित हो रहा है। अब इसकी संख्या बढ़ाकर 2500 स्कूलों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है, जिससे बड़ी संख्या में छात्र लाभान्वित होंगे।

पढ़ाई के साथ मिलेगा व्यावसायिक कौशल

योजना के तहत विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में ही विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुशल प्रशिक्षकों की देखरेख में छात्र व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी दक्षता हासिल कर सकेंगे।

सरकार का मानना है कि इससे छात्र शिक्षा के साथ-साथ रोजगार की दृष्टि से भी तैयार होंगे और भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।

आईटी, हेल्थकेयर और रिटेल समेत कई क्षेत्रों में प्रशिक्षण

‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के अंतर्गत सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), इलेक्ट्रॉनिक्स, ब्यूटी एवं वेलनेस, हेल्थकेयर, रिटेल और अकाउंटिंग जैसे क्षेत्रों में सर्टिफिकेट कोर्स संचालित किए जाएंगे।

इन पाठ्यक्रमों की अवधि तीन माह से लेकर एक वर्ष तक होगी। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और करियर विकल्पों के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम चुनने का अवसर मिलेगा।

स्किल सर्टिफिकेट भी मिलेगा

प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्रों को कौशल विकास का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इससे उन्हें आगे की पढ़ाई, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में लाभ मिलने की उम्मीद है।

विद्यार्थी कौशल प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।

रोजगार जोन के लिए भी मांगे गए आवेदन

इधर, प्रदेश में उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कुशल और अर्द्धकुशल कार्यबल तैयार करने के उद्देश्य से उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन निदेशालय ने भी नई पहल की है।

सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट जोन के विकास और संचालन के लिए विशेषज्ञ संस्थाओं से एंकर पार्टनर चयन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक संस्थाएं 11 जून 2026 तक आवेदन कर सकती हैं।

उद्योग निदेशक के. विजय पांडियन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना और रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। इसका संचालन ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल के आधार पर किया जाएगा।

 

Check Also

अतीक के बेटे अबान के जनाजे में उमड़ी भारी भीड़, बैरिकेडिंग टूटी; लखनऊ जेल से उमर और झांसी से अली भी पहुंचे

यूपी डेस्क: प्रयागराज में शनिवार को माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे के …