
नेशनल डेस्क : मुंबई से दुबई के लिए रवाना होने वाली स्पाइसजेट की एक उड़ान को मंगलवार को उड़ान भरने से पहले ही रोकना पड़ा। विमान के इंजन में तकनीकी खराबी का संकेत मिलने के बाद एहतियातन फ्लाइट को रनवे पर ही रोक दिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-5113 मुंबई से दुबई के लिए रवाना होने वाली थी। उड़ान की तैयारी के दौरान तकनीकी टीम को इंजन में समस्या का पता चला, जिसके बाद विमान को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यात्रियों को सुरक्षित एयरपोर्ट टर्मिनल तक पहुंचाया गया।
सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया
तकनीकी खराबी सामने आने के बाद एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है और खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
दरभंगा में भी टला था बड़ा विमान हादसा
इससे एक दिन पहले बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर भी स्पाइसजेट की एक फ्लाइट तकनीकी समस्या का शिकार हुई थी। मुंबई से दरभंगा पहुंची उड़ान की लैंडिंग के दौरान विमान के एक पहिए का टायर फट गया था।
घटना के वक्त विमान में करीब 150 यात्री मौजूद थे। हालांकि पायलट की सतर्कता और एयरपोर्ट प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, विमान को बाद में रनवे से हटाकर तकनीकी जांच के लिए एप्रन पर ले जाया गया था।
जांच और आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद टायर बदलकर विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई।
इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग भी चर्चा में
सोमवार को ही एक अन्य घटना में अहमदाबाद से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7018 को मेडिकल इमरजेंसी के चलते सूरत एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। उड़ान के दौरान तीन वर्षीय एक बच्चा अचानक बेहोश हो गया था।
विमान में मौजूद दो डॉक्टरों ने बच्चे को प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन उसकी स्थिति में सुधार नहीं होने पर पायलट ने मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके बाद विमान को सूरत एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।
लैंडिंग के तुरंत बाद बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
लगातार सामने आ रहीं तकनीकी और आपात स्थितियां
हाल के दिनों में विमानों में तकनीकी गड़बड़ी और मेडिकल इमरजेंसी की कई घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि विमानन कंपनियां और एयरपोर्ट प्रशासन सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए समय रहते कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे संभावित बड़े हादसों को टाला जा सका है।
Navyug Samachar