
नौकरी डेस्क: बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर और जनरल बैंकिंग ऑफिसर के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 395 पदों को भरा जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को पद और ग्रेड के अनुसार आकर्षक वेतन के साथ कई बैंकिंग सुविधाएं भी मिलेंगी।
21 जुलाई से शुरू आवेदन प्रक्रिया, 10 अगस्त तक कर सकेंगे अप्लाई
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 जुलाई 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 10 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि वेबसाइट से जुड़ी किसी भी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
मैनेजर से DGM तक कई पदों पर होगी भर्ती
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की इस भर्ती में अलग-अलग स्तर के पद शामिल हैं।
मैनेजर के 163 पद
सीनियर मैनेजर के 153 पद
चीफ मैनेजर के 52 पद
असिस्टेंट जनरल मैनेजर के 20 पद
डिप्टी जनरल मैनेजर के 7 पद
इन पदों पर भर्ती आईटी, फॉरेक्स, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, रिस्क मैनेजमेंट, लॉ और सिविल इंजीनियरिंग जैसे विभागों के लिए की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा पद के अनुसार तय
इन पदों के लिए योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में ग्रेजुएशन या प्रोफेशनल डिग्री होना जरूरी है। इसमें बीटेक, बीई, एमसीए, एमबीए, सीए और एलएलबी जैसी योग्यताएं शामिल हो सकती हैं।
इसके अलावा कई पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में कार्य अनुभव भी मांगा गया है। आयु सीमा पद के अनुसार अलग-अलग होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
लिखित परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू से होगा चयन
योग्य उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच भी कराई जाएगी।
DGM पद पर 47 लाख तक पहुंच सकता है सालाना पैकेज
इस भर्ती की सबसे खास बात इसमें मिलने वाला आकर्षक वेतन पैकेज है। पद और ग्रेड के अनुसार अधिकारियों का वेतन तय किया जाएगा। डिप्टी जनरल मैनेजर जैसे वरिष्ठ पदों पर सालाना सीटीसी 47 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा चयनित अधिकारियों को महंगाई भत्ता, स्पेशल अलाउंस, मकान किराया भत्ता और मेडिकल जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट के रिक्रूटमेंट सेक्शन में जाकर भर्ती नोटिफिकेशन पढ़ने के बाद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा।
इसके बाद जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1180 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को 177 रुपये शुल्क देना होगा।
Navyug Samachar