नई दिल्ली डेस्क: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में यंग प्रोफेशनल्स के पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और आवेदन करने का आज आखिरी मौका है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 6 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती को खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि इसमें चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 1.5 लाख रुपये का निश्चित स्टाइपेंड दिया जाएगा।
कॉन्ट्रैक्ट बेस्ड होगी नियुक्ति, 3 साल का शुरुआती कार्यकाल
इस भर्ती के तहत चयनित यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएगी। शुरुआती कॉन्ट्रैक्ट 3 साल के लिए होगा, जिसे प्रदर्शन और आपसी सहमति के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, कुल कार्यकाल 5 साल से अधिक नहीं होगा। आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि यह पद स्थायी नौकरी नहीं है, इसलिए नियमित कर्मचारियों की तरह अतिरिक्त भत्ते और सुविधाएं लागू नहीं होंगी।
किन क्षेत्रों के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन?
इस भर्ती में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, क्वांटम टेक्नोलॉजी, क्लाइमेट फाइनेंस, डेटा एनालिटिक्स और इकोनॉमिक रिसर्च जैसे क्षेत्रों में पोस्ट ग्रेजुएशन या संबंधित योग्यता रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग तय की गई है।
किन पदों पर होगी भर्ती?
आरबीआई द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में की जाएगी, जिनमें पॉलिसी एनालिटिक्स, क्लाइमेट चेंज रिस्क एंड सस्टेनेबल फाइनेंस, क्रेडिट रिस्क एनालिटिक्स, पेमेंट इकोसिस्टम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी, डेटा एनालिसिस, फाइनेंशियल मार्केट्स और पॉलिसी रिसर्च जैसे क्षेत्र शामिल हैं। सभी चयनित उम्मीदवारों की पोस्टिंग मुंबई में की जाएगी।
आयु सीमा और योग्यता की शर्तें
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 21 वर्ष से अधिक और 30 वर्ष से कम होनी चाहिए। इसके साथ ही आवेदक का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है। अलग-अलग पदों के लिए संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन, इंजीनियरिंग डिग्री या प्रोफेशनल योग्यता आवश्यक है।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक स्क्रीनिंग और शॉर्टलिस्टिंग के बाद दस्तावेज सत्यापन और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू के लिए कॉल लेटर केवल ईमेल के माध्यम से भेजे जाएंगे।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवारों को अपना आवेदन ईमेल के जरिए yphrmdco@rbi.org.in पर भेजना होगा। इसके साथ बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, स्टेटमेंट ऑफ इंटरेस्ट, रिसर्च या लेखन का नमूना और प्रोफेशनल रेफरी का संदर्भ पत्र भी संलग्न करना होगा। यदि कोई उम्मीदवार एक से अधिक पदों के लिए आवेदन करना चाहता है, तो उसे अलग-अलग आवेदन भेजना अनिवार्य होगा।
कब होगी जॉइनिंग?
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच की जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि आज यानी 6 जुलाई 2026 है, ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को तुरंत आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
Navyug Samachar
