
नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। अमरनाथ यात्रा से लौट रहे करीब 50 श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे सुरक्षाबलों ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हरिगनीवान के पास हुआ हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, यह दुर्घटना गांदरबल जिले के हरिगनीवान इलाके में एस-मोड़ के पास हुई। बस का रजिस्ट्रेशन नंबर AR 11 D 5655 बताया गया है। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे जब बस बालटाल से श्रीनगर की ओर जा रही थी, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया।
इसके बाद बस सड़क से फिसलकर सिंध नदी के किनारे मौजूद करीब 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन आसपास तैनात सुरक्षाबलों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया।
ITBP और CRPF ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे। जवानों ने बिना देरी किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और बस में फंसे एक-एक यात्री को बाहर निकाला।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सभी 50 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री की मौत नहीं हुई। कुछ घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल कंगन भेजा गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच जारी है अमरनाथ यात्रा
अमरनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत रखी गई है। यात्रा मार्गों पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर विशेष नजर रखी जा रही है।
सोमवार को ही जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से 3,800 से अधिक श्रद्धालुओं का 12वां जत्था रवाना हुआ। अब तक जम्मू आधार शिविर से 1,27,326 तीर्थयात्री अपनी यात्रा शुरू कर चुके हैं।
28 अगस्त को समाप्त होगी अमरनाथ यात्रा
इस वर्ष की 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा। अब तक 4.15 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।
फिलहाल मरम्मत कार्य के चलते पहलगाम मार्ग से यात्रा स्थगित है और श्रद्धालुओं को बालटाल मार्ग से आगे भेजा जा रहा है।
Navyug Samachar