Friday , 16 October 2026

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले प्रदर्शन में शामिल हुए इमरान खान, 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे और अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस ने 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। इमरान खान 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था।

प्रदर्शन में शामिल होने पर इमिग्रेशन कानून के तहत कार्रवाई

रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने इमरान खान के खिलाफ इमिग्रेशन कानून की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। उन पर भारतीय नागरिक न होने के बावजूद देश में राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा लेने का आरोप है। पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया है। इमरान खान को नोटिस मिल चुका है।

10 अक्टूबर को अगस्त क्रांति मैदान में CJP की ओर से आयोजित प्रदर्शन में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई गई थी। पुलिस ने इस प्रदर्शन के सिलसिले में 400 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

अमेरिकी नागरिक हैं इमरान खान

इमरान खान के पास भारतीय नागरिकता नहीं है। वह अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट के साथ भारत का ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड भी है। उनका जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य के मैडिसन शहर में हुआ था।

किरीट सोमैया ने उठाए सवाल

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इमरान खान के प्रदर्शन में शामिल होने पर सवाल उठाए हैं। सोमैया का दावा है कि OCI कार्ड धारक या विदेशी नागरिक भारत की घरेलू राजनीतिक गतिविधियों और प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं ले सकते। उन्होंने पुलिस और इमिग्रेशन अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

हिरासत से पहले इमरान ने क्या कहा था?

पुलिस की कार्रवाई से पहले इमरान खान ने प्रदर्शन में शामिल होने की वजह बताते हुए कहा था कि वह इस शहर में रहने वाले एक व्यक्ति के तौर पर वहां आए हैं। उन्होंने लोगों की आवाजाही की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए जाने और उनकी आवाज दबाए जाने को लेकर सवाल उठाए थे।

 

Check Also

बिग बॉस 20 में नकुल धुल और गुल्लू की लड़ाई के बीच नया दावा, क्या रिश्ते में जीजा-साला हैं दोनों? वायरल पोस्ट ने बढ़ाई हलचल

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि बिग बॉस 20 …