Friday , 14 August 2026

जेपी नड्डा से मिली CJP की टीम, रखीं 3 बड़ी मांगें; मुलाकात के बाद सौरव दास ने सरकार पर कही ये बात

नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली में दिनभर चले प्रदर्शन और तनावपूर्ण माहौल के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल की ओर से प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने मंत्री को अपनी तीन प्रमुख मांगों का लिखित ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के बाद सौरव दास ने कहा कि सरकार की ओर से आगे बातचीत का आश्वासन दिया गया है, लेकिन प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया जाता।

दिल्ली में सुबह से ही प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कुछ जगहों पर लाठीचार्ज किया, जबकि कहीं आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इसी बीच CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों को उनके सामने रखा।

CJP ने सरकार के सामने रखीं तीन प्रमुख मांगें

प्रतिनिधिमंडल ने पहली मांग के रूप में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे या उन्हें पद से हटाने की मांग की। दूसरी मांग आत्महत्या करने वाले बच्चों के परिवारों को मुआवजा दिए जाने की रही। वहीं तीसरी मांग में सोनम वांगचुक को दोबारा जंतर-मंतर लाकर उनका अनशन समाप्त कराने की अपील की गई।

सौरव दास बोले- मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा प्रदर्शन

जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद सौरव दास ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि वह और आशुतोष रांका दोपहर 12 बजे से केंद्रीय मंत्री के आवास पर मौजूद रहे और अपनी सभी मांगों से उन्हें अवगत कराया। उनके अनुसार, मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि इस पूरे मामले पर उचित स्तर पर चर्चा की जाएगी। हालांकि अभी तक कोई निश्चित आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन तब तक नहीं रुकेगा, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।

CJP के प्रदर्शन पर सरकार का पहला बयान आया सामने

CJP के प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार की ओर से पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई। जेपी नड्डा ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने अपना प्रस्ताव सरकार के सामने रखा है और पिछले पांच घंटे से बातचीत का सिलसिला जारी है। साथ ही उन्होंने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने की अपील भी की।

जंतर-मंतर से हटाए गए प्रदर्शनकारी

इस बीच जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन स्थल को खाली करा दिया गया है। प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया है और धरना स्थल को प्रशासन ने अपने नियंत्रण में ले लिया है।

 

Check Also

मायावती का संसद में सत्ता-विपक्ष पर बड़ा हमला, बोलीं- ‘दोनों अपने-अपने स्वार्थ की लड़ाई लड़ रहे’

यूपी डेस्क: बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने …