Monday , 5 October 2026

भारत में फिर बढ़ी कोरोना की दस्तक! आंध्र प्रदेश में 4 मौतें, कई राज्यों में मिले नए संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

नेशनल डेस्क: देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। आंध्र प्रदेश में पिछले कुछ दिनों के दौरान कोविड-19 संक्रमण से चार मरीजों की मौत दर्ज की गई है। वहीं, देश के कई राज्यों में भी नए संक्रमित सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

26 जून से 16 जुलाई के बीच मिले 12 संक्रमित, 4 मरीजों की हुई मौत

स्वास्थ्य आयुक्त जी वीरपांडियन के अनुसार, 26 जून से 16 जुलाई के बीच आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के कुल 12 मामले सामने आए हैं। इनमें चार संक्रमित मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन मरीजों की मौत हुई, वे पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।

हाई ब्लड प्रेशर, शुगर और किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे मरीज

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मृतकों को हाई ब्लड प्रेशर, मधुमेह और किडनी संबंधी गंभीर बीमारियां थीं। कोरोना संक्रमण के बाद उनकी स्थिति और बिगड़ गई। चार मृतकों में तीन कडप्पा जिले और एक काकीनाडा का निवासी था। विभाग का कहना है कि सभी मामले अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आए हैं और फिलहाल किसी एक इलाके में संक्रमण का बड़ा क्लस्टर नहीं मिला है।

कडप्पा में सबसे ज्यादा मामले, कई जिलों में मिले नए संक्रमित

साल 2026 में राज्य का पहला कोविड-19 मामला 26 जून को कडप्पा जिले में दर्ज हुआ था। इसके बाद 1 जुलाई से 16 जुलाई के बीच 11 नए मामले सामने आए। इनमें दो लोग संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने के कारण वायरस की चपेट में आए। आंकड़ों के अनुसार, कडप्पा में सबसे अधिक आठ मामले मिले हैं। इसके अलावा गुंटूर में दो, जबकि विशाखापत्तनम और काकीनाडा में एक-एक संक्रमित की पुष्टि हुई है। कुल 67 लोगों की जांच की गई, जिनमें 11 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

कुछ मरीज अस्पताल में भर्ती, कई संक्रमित हो चुके स्वस्थ

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 12वां संक्रमित मरीज तमिलनाडु के वेल्लोर में इलाज के दौरान कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया। फिलहाल तीन मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि दो का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, तीन संक्रमित पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से कोविड संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील कर रहा है।

देशभर में 339 नए मामले, केरल में सबसे ज्यादा संक्रमित

राष्ट्रीय स्तर पर 1 जुलाई से अब तक कोविड-19 के कुल 339 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 115 संक्रमित केरल से सामने आए हैं। इसके बाद कर्नाटक में 64, महाराष्ट्र में 43 और तमिलनाडु में 39 मामले दर्ज हुए हैं। दिल्ली और अंडमान-निकोबार में 18-18 संक्रमित मिले हैं, जबकि राजस्थान में 12 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके अलावा अन्य राज्यों में भी छिटपुट मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …