
यूपी डेस्क: बागपत के एक गांव में पारिवारिक विवाद के बीच हुई पंचायत उस समय हंगामे में बदल गई, जब एक बहू ने अपनी चचिया सास और उसके कथित प्रेमी के संबंधों का खुलासा कर दिया। महिला का आरोप है कि पंचायत खत्म होने के कुछ ही देर बाद कथित प्रेमी ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, महिला ने माचिस छीनकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पंचायत में बहू ने लगाए गंभीर आरोप
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके परिवार के सदस्य हरियाणा के सोनीपत जिले के एक गांव स्थित फैक्ट्री में काम करते हैं और वहीं किराये के मकान में रहते हैं। उसके अनुसार, उसी मकान में उसके चचिया ससुर, चचिया सास और गांव का एक युवक भी रह रहा था।
महिला का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले वह अपनी चचिया सास के कमरे में पहुंची, जहां उसने उसे गांव के ही युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। आरोप है कि इस घटना के बाद दोनों ने उसे धमकाकर किसी से भी इस बारे में बात न करने की चेतावनी दी। इसके बाद महिला ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिवार के अन्य लोगों को दी। शनिवार को सभी लोग सोनीपत से अपने गांव लौट आए।
खुलासे के बाद मचा हंगामा
महिला के मुताबिक, रविवार सुबह दोनों पक्षों की पंचायत बुलाई गई। पंचायत के दौरान उसने सभी के सामने अपनी चचिया सास और युवक के कथित प्रेम संबंधों का खुलासा कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
महिला का आरोप है कि पंचायत समाप्त होने के बाद जब वह घर पर चाय बना रही थी, तभी कथित प्रेमी पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंचा। उसने उस पर पेट्रोल डाल दिया और माचिस निकालकर आग लगाने की कोशिश की। महिला ने समय रहते माचिस छीन ली और वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। क्षेत्राधिकारी शुकन्या शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी को मृत बताकर प्रेमिका से निकाह करने का आरोप
बागपत में ही सामने आए एक अन्य मामले में एक महिला ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मृत बताकर उससे निकाह किया। महिला ने बताया कि वह लोनी से ट्रॉनिका सिटी स्थित एक जींस फैक्ट्री में काम करने जाती थी, जहां उसकी मुलाकात सिंघावली अहीर क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति से हुई।
महिला के अनुसार, छह महीने पहले उसके पति की मृत्यु हो गई थी। इसी दौरान उक्त व्यक्ति ने उसे बताया कि उसकी पत्नी की भी मौत हो चुकी है और उसके दो बेटे हैं। महिला का कहना है कि दोनों करीब छह महीने तक साथ रहे और बाद में निकाह कर लिया।
महिला ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले व्यक्ति ने उसे बहलाकर लोनी स्थित उसका मकान भी बिकवा दिया। चार दिन पहले वह किसी काम का बहाना बनाकर अपने गांव चला गया और उसके बाद से फोन भी बंद कर लिया।
प्रेमी के घर पहुंची महिला, मचा हंगामा
महिला रविवार को अपने तीन बच्चों के साथ आरोपी के गांव पहुंची। वहां उसने आरोपी की पत्नी को देखकर खुद को ठगा हुआ महसूस किया। आरोप है कि महिला के पहुंचने के बाद आरोपी और उसकी पत्नी कोल्ड ड्रिंक लेने का बहाना बनाकर वहां से चले गए।
इसके बाद महिला ने आरोपी के घर पर हंगामा किया। महिला का कहना है कि उसे आरोपी की पत्नी से कोई आपत्ति नहीं है और यदि आरोपी चाहे तो वह महीने में 15 दिन उसके साथ रह सकता है। महिला ने बताया कि उसके चार बच्चे हैं, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है, जबकि एक मंगलामुखी है। उसके साथ पहुंचे बेटे ने भी मौके पर विरोध जताया। गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। उधर, चौकी प्रभारी रजत ढाका ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है।
Navyug Samachar