मनोरंजन डेस्क: अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। वीकडे में भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी है। शुरुआती दिनों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब फिल्म ने भारत में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर लिया है। छठे दिन के कलेक्शन के साथ फिल्म ने घरेलू और वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी है।
छठे दिन इतना रहा फिल्म का कलेक्शन
बुधवार को फिल्म ने 11,137 शो के जरिए 6.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 107.11 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि नेट कलेक्शन 89.75 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
पहले पांच दिनों में रही दमदार कमाई
फिल्म ने पहले पांच दिनों में करीब 82.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। अनुमान लगाया जा रहा था कि पहले सप्ताह के अंत तक इसका नेट कलेक्शन 96 से 97 करोड़ रुपये के बीच पहुंच सकता है। हालांकि छठे दिन की कमाई के बाद फिल्म ने भारत में 100 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है।
विदेशों में भी बनी हुई है पकड़
विदेशी बाजार में भी फिल्म का प्रदर्शन सकारात्मक बना हुआ है। छठे दिन फिल्म ने 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसके बाद ओवरसीज कलेक्शन बढ़कर 17.25 करोड़ रुपये हो गया।
दुनियाभर में 124 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई
घरेलू और विदेशी बाजार की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 124.36 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इसके साथ ही ‘धमाल 4’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छी कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में अपनी जगह बनाए हुए है।
मंगलवार को डिस्काउंट नहीं देने का फैसला चर्चा में
फिल्म ने मंगलवार को टिकटों पर डिस्काउंट का विकल्प नहीं अपनाया। इसके बावजूद उस दिन 9.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को कई दर्शक डिस्काउंट ऑफर की उम्मीद करते हैं, इसलिए इस फैसले को लेकर अलग-अलग राय सामने आई। हालांकि इसके बावजूद फिल्म की कमाई पर कोई बड़ा असर देखने को नहीं मिला।
Navyug Samachar
