Thursday , 10 September 2026

बारिश के मौसम में जरूर खाएं केला! पाचन से दिल तक को मिलेंगे जबरदस्त फायदे, तनाव भी होगा कम

लाइफस्टाइल डेस्क : मानसून की शुरुआत के साथ ही स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है। बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने और ऊर्जा बरकरार रखने के लिए संतुलित आहार अहम भूमिका निभाता है। विशेषज्ञ भी इस दौरान पोषक तत्वों से भरपूर फलों को दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह देते हैं। इन्हीं फलों में केला एक ऐसा विकल्प है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है।

केले में कार्बोहाइड्रेट, विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन बी-6, आयरन, फॉस्फोरस, कैल्शियम, मैग्नीशियम, जिंक, सोडियम और पोटैशियम जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं। यही वजह है कि इसे ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। नियमित रूप से केला खाने से शरीर को कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं।

पाचन तंत्र को बनाता है मजबूत

केले में फाइबर और पर्याप्त मात्रा में पानी मौजूद होता है, जो पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। एक मध्यम आकार का केला शरीर की दैनिक फाइबर आवश्यकता का लगभग 10 प्रतिशत तक पूरा कर सकता है। इसका सेवन पाचन प्रक्रिया को सुचारु रखने और पेट संबंधी समस्याओं को कम करने में सहायक माना जाता है।

दिल की सेहत के लिए फायदेमंद

केला हृदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। इसमें पोटैशियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो हृदय की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें मौजूद विटामिन बी-6 भी दिल की सेहत के लिए उपयोगी माना जाता है। नियमित सेवन से हृदय संबंधी जोखिमों को कम करने में सहायता मिल सकती है।

शरीर को देता है भरपूर ऊर्जा

केले में कार्बोहाइड्रेट की अच्छी मात्रा होती है, जिससे शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलती है। यदि किसी कारणवश नाश्ता छूट जाए तो केला एक आसान और पौष्टिक विकल्प साबित हो सकता है। इसका सेवन लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है और शरीर की कमजोरी दूर करने में भी सहायक माना जाता है।

डायबिटीज मरीजों के लिए भी हो सकता है उपयोगी

अक्सर लोग इसके मीठे स्वाद की वजह से यह मान लेते हैं कि डायबिटीज के मरीजों को केला नहीं खाना चाहिए। हालांकि कई रिपोर्ट्स के अनुसार केले में मौजूद फाइबर ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है। फिर भी मधुमेह से पीड़ित लोगों को अपने डॉक्टर या आहार विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार ही इसका सेवन करना चाहिए।

तनाव कम करने में भी मददगार

केले में ट्रिप्टोफैन नामक तत्व पाया जाता है, जो शरीर में सेरोटोनिन के निर्माण में मदद करता है। सेरोटोनिन को मूड बेहतर बनाने वाला रसायन माना जाता है। यही कारण है कि केला मानसिक तनाव को कम करने और मन को शांत रखने में भी सहायक माना जाता है।

 

Check Also

रातभर सोने के बाद भी दिन में थकान और सुस्ती? शरीर में आयरन की कमी हो सकती है, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

हेल्थ डेस्क: कई लोगों को रातभर पर्याप्त नींद लेने के बाद भी दिन में थकान, …