Sunday , 9 August 2026

मौसम का डबल अटैक! दिल्ली-यूपी समेत 15 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट, IMD ने जारी की बड़ी चेतावनी

नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 12 जून को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों के लिए भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश देखने को मिल सकती है।

90 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में बड़ा बदलाव दर्ज किया जा रहा है। इसके प्रभाव से कई राज्यों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी चलने और मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में रेड अलर्ट, दिनभर खराब रह सकता है मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दिनभर तेज बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर समेत दो दर्जन से अधिक जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बिहार के कई जिलों में बारिश और तूफान का खतरा

बिहार में भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश और तेज तूफान की संभावना जताई गई है। राज्य में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में पर्यटकों के लिए चेतावनी

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। दोनों राज्यों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।

झारखंड और राजस्थान में भी बदलेगा मौसम

झारखंड के रांची, जमशेदपुर और दुमका समेत कई क्षेत्रों में तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना है। वहीं राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और जैसलमेर में धूल भरी आंधी के साथ बारिश का अनुमान लगाया गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग की लोगों को खास सलाह

आईएमडी ने किसानों, मछुआरों और आम नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। वज्रपात की आशंका वाले क्षेत्रों में सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की भी सलाह दी गई है।

 

Check Also

अतीक के बेटे अबान के जनाजे में उमड़ी भारी भीड़, बैरिकेडिंग टूटी; लखनऊ जेल से उमर और झांसी से अली भी पहुंचे

यूपी डेस्क: प्रयागराज में शनिवार को माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे के …