Wednesday , 9 September 2026

मासूम की चिट्ठी का असर! सीएम योगी के निर्देश पर बदलेगी बच्चों की तस्वीर, बिलारी में बनेगा स्पोर्ट्स सेंटर

यूपी डेस्क: मुरादाबाद के बिलारी में एक कक्षा-6 के छात्र की मासूम अपील ने प्रशासन को बड़ा कदम उठाने के लिए प्रेरित कर दिया। बच्चों के खेलने के लिए पार्क नहीं होने की समस्या को लेकर छात्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने हाथ से पत्र लिखा था। मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंची इस चिट्ठी पर तत्काल संज्ञान लिया गया और अब नगर में मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर बनाने का रास्ता साफ हो गया है।

छात्र की चिट्ठी पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिया संज्ञान

मामला मुरादाबाद जिले के बिलारी नगर के मोहल्ला बाजार का है। यहां रहने वाले मोहम्मद जीशान पाशा के बेटे मोहम्मद ऐदान पाशा कक्षा-6 के छात्र हैं। गर्मी की छुट्टियों के दौरान खेलने के लिए जगह नहीं मिलने पर ऐदान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी समस्या बताते हुए हाथ से लिखा पत्र भेजा था।

छात्र की चिट्ठी की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। मुख्यमंत्री के उप-सचिव रामगोपाल सिंह ने जिलाधिकारी मुरादाबाद को मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने शुरू की जांच, परिवार को दी गई जानकारी

शासन के निर्देश के बाद अपर जिलाधिकारी संगीता गौतम और बिलारी नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच के बाद प्रशासन की ओर से छात्र के परिवार को पत्र भेजकर जानकारी दी गई कि नगर में खेल मैदान और पार्क की व्यवस्था की जा रही है।

प्रशासनिक कार्रवाई के बाद बच्चों के लिए खेल सुविधाएं विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।

मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बनेगा सेंटर

प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या-25 स्थित जूनियर हाईस्कूल के खेल मैदान में मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटीज सेंटर के निर्माण को शासन स्तर से मंजूरी मिल चुकी है।

यह निर्माण गाटा संख्या-720 में कराया जाएगा। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार शासन से बजट की किस्त जारी होते ही बिलारी नगर पालिका परिषद की ओर से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

पहले ही मिल चुकी थी निर्माण की स्वीकृति

बिलारी नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय से मामले का संज्ञान लेने के बाद एडीएम प्रशासन की ओर से नगर पालिका से रिपोर्ट मांगी गई थी। नगर पालिका ने जानकारी दी कि वार्ड संख्या-25 में खेल सुविधाओं के लिए प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका था और मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटीज सेंटर निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है।

अब धनराशि जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

 

Check Also

कानपुर में बड़ा हादसा टला! देवी मां के कहने पर परिवार ने खाली किया मकान, 2 घंटे बाद भरभरा कर गिरा चार मंजिला हिस्सा

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बंगाली …