Sunday , 9 August 2026

UP Police में 930 युवाओं की एंट्री, CM योगी का बड़ा बयान- ‘पहले हर दूसरे महीने होते थे दंगे, अब बदली यूपी की तस्वीर’

लखनऊ डेस्क : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं को बधाई देते हुए ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने की सीख दी।

कानून-व्यवस्था पर बोले CM योगी, कहा- अब अपराधियों पर सख्त कार्रवाई

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुशासन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तेज गति से काम किया है और आज प्रदेश की पुलिस देश में मॉडल पुलिसिंग का उदाहरण बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। त्योहारों और बड़े आयोजनों से पहले तनाव, उपद्रव और दंगों जैसी घटनाएं आम बात थीं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद अपराध और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई, जिसके चलते प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना है।

रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों को दी चेतावनी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को अनुशासन का महत्व भी समझाया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान रील बनाना या सोशल मीडिया के लिए अनावश्यक गतिविधियों में शामिल होना अनुशासनहीनता का परिचायक है।

उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपने आचरण और कार्यशैली से विभाग की गरिमा बनाए रखें। साथ ही ऐसा कोई कार्य न करें जिससे संस्था की छवि प्रभावित हो या जनता को सवाल उठाने का अवसर मिले।

पुलिस प्रशिक्षण और सुविधाओं में हुआ बड़ा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार पुलिस बल को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले जहां केवल 30 हजार पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता थी, उसे बढ़ाकर अब 60 हजार कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस जवानों के लिए आधुनिक बैरकों और बेहतर सुविधाओं का निर्माण कराया गया है। पहले कई जवान जर्जर भवनों में रहने को मजबूर थे, लेकिन अब उन्हें आधुनिक और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस बल को तकनीकी रूप से भी अधिक सक्षम बनाया जा रहा है।

फोरेंसिक और साइबर सुरक्षा तंत्र को मिली नई ताकत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपराध जांच व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए फोरेंसिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया गया है। पहले प्रदेश के केवल चार जिलों में फोरेंसिक लैब थीं, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 12 हो गई है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में फोरेंसिक वैन की व्यवस्था की गई है। बड़े जिलों में तीन और छोटे जिलों में दो फोरेंसिक वैन संचालित की जा रही हैं। साथ ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश के सभी जिलों में साइबर थानों की स्थापना की गई है, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक तकनीकी और प्रभावशाली बनी है।

रोजगार और उद्योगों पर भी गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने रोजगार और आर्थिक विकास के मुद्दे पर भी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि पहले उत्तर प्रदेश में लगभग 14 हजार बड़े उद्योग थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 32 हजार से अधिक हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब “बीमारू राज्य” की छवि से बाहर निकल चुका है और देश की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं वाले राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। साथ ही केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में भी प्रदेश लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

 

Check Also

अतीक के बेटे अबान के जनाजे में उमड़ी भारी भीड़, बैरिकेडिंग टूटी; लखनऊ जेल से उमर और झांसी से अली भी पहुंचे

यूपी डेस्क: प्रयागराज में शनिवार को माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे के …