Thursday , 10 September 2026

‘जन नायकन’ की रिलीज पर फैंस का जबरदस्त जश्न! विजय की आखिरी फिल्म ने पहले दिन ही मचाई धूम, थिएटरों में उमड़ा सैलाब

मनोरंजन डेस्क: तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की बहुप्रतीक्षित और करियर की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ गुरुवार को रिलीज होते ही चर्चा का केंद्र बन गई। फिल्म के सिनेमाघरों में पहुंचते ही तमिलनाडु के कई शहरों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विजय के प्रशंसकों और उनकी पार्टी टीवीके के समर्थकों ने रिलीज को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। सोशल मीडिया पर थिएटरों के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें दर्शकों का जबरदस्त उत्साह साफ नजर आ रहा है।

थिएटरों में लेजर शो, डांस और सांस्कृतिक कार्यक्रम

चेन्नई के वुडलैंड्स और कैसीनो समेत कई प्रमुख सिनेमाघरों में फिल्म की रिलीज के मौके पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विजय के स्वागत में रात के आसमान में लेजर बीम छोड़ी गईं, जबकि प्रशंसक जोशीले गीतों पर जमकर झूमते नजर आए।

बुधवार देर रात चेन्नई के एक सिनेमाघर के बाहर ड्रोन शो का भी आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में दर्शक सुबह के पहले शो का इंतजार कर रहे थे। शहर के कई प्रमुख चौराहों और सिनेमाघरों के बाहर विजय के विशाल कटआउट भी लगाए गए। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, विजय ने बुधवार शाम कुछ अधिकारियों के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग भी देखी।

फिल्म में नजर आए कई बड़े सितारे

‘जन नायकन’ में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज और नारायण जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है।

रिलीज को बताया दिवाली और पोंगल जैसा उत्सव

तमिलनाडु के परिवहन मंत्री विजय तमिलन पार्थिबन ने फिल्म की रिलीज को दिवाली और पोंगल जैसे बड़े त्योहार के समान बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म में उनका भी एक छोटा सा किरदार है, जो उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि चेन्नई में लगभग 100 लोगों को स्मृति चिह्न के रूप में हेलमेट भेंट किए जाएंगे।

वहीं टीवीके के विधायक के.वी. विजयधामू ने कहा कि वह फिल्म देखने के दौरान विधायक नहीं, बल्कि एक सामान्य प्रशंसक की तरह इसका आनंद लेंगे।

25वें दिन के सेलिब्रेशन शो के टिकट मिनटों में बिके

सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, ‘जन नायकन’ के 25वें दिन यानी 16 अगस्त को आयोजित होने वाले सेलिब्रेशन शो के सभी टिकट महज पांच मिनट में बिक गए। दावा किया गया कि यह पहली बार है जब किसी फिल्म के 25वें दिन के विशेष शो के टिकट इतनी तेजी से समाप्त हो गए।

गौरतलब है कि एच. विनोथ के निर्देशन में बनी ‘जन नायकन’ राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले विजय की आखिरी फिल्म मानी जा रही है। फिल्म पहले जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से प्रमाणन नहीं मिलने के कारण इसकी रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया था।

 

Check Also

‘अब भारत में नहीं रहती’, ‘रेबेल किड’ अपूर्वा मखीजा ने छोड़ा देश, न्यूयॉर्क जाने की बताई बड़ी वजह

मनोरंजन डेस्क: सोशल मीडिया पर ‘रेबेल किड’ के नाम से मशहूर कंटेंट क्रिएटर अपूर्वा मखीजा …