Monday , 5 October 2026

‘मैं यंग ऋतिक रोशन जैसा दिखता हूं इसलिए निशाने पर हूं?’ कंगना रनौत पर CJP प्रवक्ता सौरव दास का तंज, बयानबाजी और तेज

नेशनल डेस्क: हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत तथा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास के बीच जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। ताजा बयान में सौरव दास ने कंगना रनौत पर तंज कसते हुए कहा कि उनके दोस्तों का मानना है कि वह शायद इसलिए उनके निशाने पर हैं क्योंकि वह “यंग ऋतिक रोशन” जैसे दिखते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कंगना से सार्वजनिक संवाद में संयम और मर्यादा बनाए रखने की अपील भी की।

‘मेरे खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां की जा रही हैं’

‘द मोजो स्टोरी’ को दिए इंटरव्यू में सौरव दास ने कहा कि उनके मन में कंगना रनौत के प्रति कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यक्तिगत स्तर पर टिप्पणियां कंगना की ओर से की जा रही हैं। दास ने कहा कि उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में भी कंगना से शांत रहने और मुद्दों पर बातचीत करने की अपील की थी। उनका कहना था कि देश में संवाद और बहस की संस्कृति कमजोर होती जा रही है, जबकि असहमति के बावजूद मर्यादित चर्चा लोकतंत्र के लिए जरूरी है।

‘दोस्त बोले- शायद इसलिए निशाने पर हो क्योंकि ऋतिक जैसे दिखते हो’

सौरव दास ने बातचीत के दौरान व्यंग्य करते हुए कहा कि उनके कई दोस्तों ने उन्हें संदेश भेजकर पूछा कि आखिर कंगना रनौत उनके पीछे क्यों पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि उनके एक दोस्त ने मजाक में कहा कि शायद इसकी वजह यह हो सकती है कि वह कुछ हद तक यंग ऋतिक रोशन जैसे दिखाई देते हैं। दास ने कहा कि चाहे वजह कुछ भी हो, सार्वजनिक जीवन में शब्दों का चयन सोच-समझकर किया जाना चाहिए और किसी भी तरह की हताशा भाषा में नहीं झलकनी चाहिए।

भाषा और मानसिक स्थिरता पर भी उठाए सवाल

सौरव दास ने कंगना रनौत की भाषा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया गया, वह उचित नहीं है। उनका कहना था कि यदि किसी के अपने परिवार में जेन-जी या अन्य युवा पीढ़ी के सदस्य हों, तो क्या उनके लिए भी ऐसी ही भाषा का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पद पर बैठे लोगों को अपने शब्दों की जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

सांसद के तौर पर कामकाज को लेकर भी साधा निशाना

दास ने कंगना रनौत के सांसद के रूप में कामकाज पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उनके पास कंगना के बारे में कहने के लिए बहुत कुछ नहीं है और उनकी अपनी पार्टी के लोग भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। दास ने आरोप लगाया कि कंगना मौजूदा CJP आंदोलन की लहर का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई इस आंदोलन से श्रेय या लोकप्रियता हासिल करना चाहता है तो वह ऐसा करने के लिए स्वतंत्र है और कंगना भी ऐसा कर सकती हैं।

कंगना रनौत का पलटवार- 28 साल की उम्र में खुद को छात्र बताते हैं

सौरव दास के बयानों के बाद कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने गूगल पर सौरव दास के बारे में देखा और वह 28 साल के हैं, लेकिन खुद को छात्र बताते हैं। कंगना ने सवाल उठाया कि इस उम्र में खुद को छात्र बताने का क्या आधार है।

‘उनकी उम्र में मेरे पास दो राष्ट्रीय पुरस्कार थे’

कंगना रनौत ने अपने जवाब में कहा कि भले ही वह राजनीति में नई हों, लेकिन पिछले 20 वर्षों से सार्वजनिक जीवन का हिस्सा रही हैं। उन्होंने कहा कि सौरव दास की उम्र में उनके पास दो राष्ट्रीय पुरस्कार थे। कंगना ने यह भी कहा कि एक सांसद होने के साथ-साथ वह फिल्मकार, कलाकार, निर्माता, पटकथा लेखक और उद्यमी भी हैं, इसलिए उनके ऊपर कार्यभार अधिक है। उन्होंने दास पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरी तरह बेरोजगार व्यक्ति यह नहीं समझ सकता कि लगातार विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का क्या अर्थ होता है।

 

Check Also

सुनील ग्रोवर की मिमिक्री इतनी असली कैसे लगती है? क्या है उनका सीक्रेट, मिमिक्री आर्टिस्ट ने खोला राज

मुंबई: कॉमेडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर अपनी शानदार मिमिक्री और अलग-अलग किरदारों को जीवंत करने …