
हेल्थ डेस्क: शरीर में आयरन की कमी आजकल एक आम समस्या बन गई है। इसकी वजह से हीमोग्लोबिन का स्तर कम होने लगता है, जिससे थकान, कमजोरी, सुस्ती, सिरदर्द और त्वचा का पीला पड़ना जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं। आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में अहम भूमिका निभाता है, जो फेफड़ों से ऑक्सीजन को पूरे शरीर तक पहुंचाने का काम करता है। सही खान-पान के जरिए आयरन की कमी को काफी हद तक पूरा किया जा सकता है।
हरी पत्तेदार सब्जियां बढ़ाएंगी आयरन का स्तर
पालक और मेथी जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां आयरन का अच्छा स्रोत मानी जाती हैं। 100 ग्राम उबले हुए पालक में करीब 3.6 मिलीग्राम आयरन पाया जाता है। इसके अलावा इनमें मौजूद फोलेट और विटामिन सी शरीर में खून बनने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।
चुकंदर और अनार से मिलेगा फायदा
चुकंदर में आयरन के साथ पोटैशियम और फाइबर की भरपूर मात्रा होती है। यह शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं को सक्रिय करने में मदद करता है। वहीं अनार आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन से भरपूर होता है, जो हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाने में सहायक माना जाता है।
दालें और बीन्स हैं आयरन का बेहतर विकल्प
शाकाहारी लोगों के लिए दालें और बीन्स आयरन का प्रमुख स्रोत हो सकती हैं। एक कप पकी हुई राजमा या चने से शरीर को रोजाना की जरूरत का करीब 20 से 30 प्रतिशत तक आयरन मिल सकता है। इन्हें अंकुरित करके खाने से इनके पोषक तत्वों का फायदा और बढ़ जाता है।
ड्राई फ्रूट्स और बीज भी डाइट में करें शामिल
किशमिश, खजूर, अंजीर और बादाम जैसे ड्राई फ्रूट्स आयरन की कमी को पूरा करने में मददगार हो सकते हैं। इसके अलावा कद्दू के बीज और तिल में भी आयरन की अच्छी मात्रा पाई जाती है। इन्हें रोजाना स्नैक्स के तौर पर खाना फायदेमंद विकल्प हो सकता है।
गुड़ से भी बढ़ सकता है हीमोग्लोबिन
गुड़ प्राकृतिक रूप से आयरन और कई जरूरी मिनरल्स से भरपूर होता है। भोजन के बाद थोड़ी मात्रा में गुड़ का सेवन करने से पाचन बेहतर होने के साथ-साथ शरीर को आयरन भी मिल सकता है।
सोयाबीन और टोफू प्लांट डाइट वालों के लिए फायदेमंद
सोयाबीन प्रोटीन के साथ-साथ आयरन का भी अच्छा स्रोत है। जो लोग पौधों पर आधारित डाइट लेते हैं, उनके लिए सोयाबीन और टोफू को भोजन में शामिल करना लाभदायक हो सकता है।
Navyug Samachar