Sunday , 9 August 2026

IND vs AFG: टेस्ट में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर बड़ा मंथन, नंबर-3 पर साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल के बीच कड़ा मुकाबला

लखनऊ : भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से शुरू होने वाले टेस्ट मुकाबले को लेकर टीम इंडिया की तैयारियां तेज हो गई हैं। खिलाड़ी न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर पहुंचकर अभ्यास शुरू कर चुके हैं, लेकिन इस बीच सबसे बड़ा सवाल प्लेइंग इलेवन को लेकर बना हुआ है। खासकर तीसरे नंबर की बल्लेबाजी के लिए साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

ओपनिंग जोड़ी लगभग तय, राहुल और जायसवाल करेंगे शुरुआत
टेस्ट मैच में भारतीय टीम की ओपनिंग जोड़ी लगभग फाइनल मानी जा रही है। यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं। राहुल को इस सीरीज में उपकप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है, जिससे उनकी भूमिका और अहम हो गई है।

नंबर-3 पर फंसा पेंच, साई सुदर्शन बनाम पडिक्कल की टक्कर
टीम मैनेजमेंट के लिए सबसे बड़ी चुनौती तीसरे नंबर का चयन है। पिछले कुछ समय में इस पोजिशन पर कई खिलाड़ियों को आजमाया गया है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं मिल सका है। इस बार साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल दावेदार हैं। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए साई सुदर्शन को बढ़त मिलती नजर आ रही है, खासकर हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल में उनके प्रदर्शन के कारण। हालांकि, टेस्ट स्तर पर अब तक मिले मौकों को वह पूरी तरह भुना नहीं पाए हैं।

कप्तान गिल नंबर-4 पर, मिडिल ऑर्डर में पंत और जुरेल की भूमिका
कप्तान शुभमन गिल का नंबर चार पर उतरना तय माना जा रहा है, जहां वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बाद ऋषभ पंत को बतौर विकेटकीपर मौका मिल सकता है, जबकि ध्रुव जुरेल को बल्लेबाज के रूप में टीम में जगह दी जा सकती है। कीपिंग की जिम्मेदारी पंत के पास रहने की संभावना है।

ऑलराउंडर और गेंदबाजी संयोजन पर भी नजर
टीम में नितीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर ऑलराउंडर की भूमिका निभा सकते हैं। वहीं गेंदबाजी आक्रमण को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है, जबकि हर्षित राणा और आकाशदीप पूरी तरह फिट नहीं हैं।

मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, लेकिन सिराज की फिटनेस भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। ऐसे में उनका खेलना संदेह के घेरे में है। यदि सिराज उपलब्ध नहीं होते हैं तो विकल्प के तौर पर जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी को मौका मिल सकता है, जिन्हें नेट बॉलर के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा हर्ष दुबे और गुरनूर बरार में से किसी एक के डेब्यू की संभावना भी बनी हुई है। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी कुलदीप यादव के हाथों में रह सकती है।

संभावित प्लेइंग इलेवन
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, गुरनूर बरार।

 

Check Also

600 से ज्यादा विकेट, फिर भी टीम इंडिया में जगह नहीं! धर्मेंद्रसिंह जडेजा पर कब पड़ेगी सेलेक्टर्स की नजर?

खेल डेस्क: घरेलू क्रिकेट में लगातार विकेटों की झड़ी लगाने के बावजूद भारतीय टीम का …