Tuesday , 22 September 2026

ICC रैंकिंग में भारत का बड़ा धमाका! श्री चरणी बनीं दुनिया की नंबर-1 टी20 गेंदबाज, इंग्लैंड की बादशाहत खत्म

नेशनल डेस्क : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। महज 21 साल की इस प्रतिभाशाली गेंदबाज ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में दुनिया की नंबर-1 पोजीशन पर कब्जा जमाते हुए इंग्लैंड की स्टार स्पिनर लिंसे स्मिथ को पीछे छोड़ दिया है।

श्री चरणी का यह शानदार उछाल महिला टी20 विश्व कप 2026 में उनके बेहतरीन प्रदर्शन का नतीजा है। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाली इस युवा स्पिनर ने बेहद कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है और अब दुनिया की शीर्ष टी20 गेंदबाज बन गई हैं।

विश्व कप में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम

महिला टी20 विश्व कप 2026 में श्री चरणी लगातार शानदार लय में नजर आई हैं। उन्होंने अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में कुल 10 विकेट अपने नाम किए हैं। टूर्नामेंट में उनकी घातक गेंदबाजी ने विरोधी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया और इसी प्रदर्शन का फायदा उन्हें आईसीसी रैंकिंग में मिला।

नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में श्री चरणी ने चार विकेट झटके थे, जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी उन्होंने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इन दमदार प्रदर्शनों ने उन्हें सीधे रैंकिंग के शीर्ष स्थान तक पहुंचा दिया।

इंग्लैंड की गेंदबाजों में भी हुआ बदलाव

ताजा गेंदबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड की चार्ली डीन दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। डीन ने महिला टी20 विश्व कप में अब तक तीन मैचों में पांच विकेट हासिल किए हैं। वहीं इंग्लैंड की अनुभवी बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने भी रैंकिंग में सुधार करते हुए चौथा स्थान हासिल किया है।

बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वॉल शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं। उनकी हमवतन बेथ मूनी दूसरे नंबर पर काबिज हैं।

भारतीय खिलाड़ियों में शैफाली वर्मा ने शानदार प्रगति करते हुए छठा स्थान हासिल किया है। वहीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में अपनी जगह बना ली है।

ऑलराउंडर्स में हैली मैथ्यूज का जलवा

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडर रैंकिंग में वेस्टइंडीज की कप्तान हैली मैथ्यूज नंबर-1 पर बरकरार हैं। न्यूजीलैंड की मेली कर दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टु तीसरे जबकि पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना चौथे स्थान पर काबिज हैं।

 

Check Also

पैट कमिंस जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज से होंगे बाहर? कप्तान के बयान से मची हलचल, सामने आई बड़ी वजह

ऑस्ट्रेलिया: ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान पैट कमिंस के जिम्बाब्वे के खिलाफ सितंबर में …