नेशनल डेस्क: आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने अपनी टीमों में बड़े बदलाव कर दिए हैं। रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची सामने आने के बाद कई दिग्गज क्रिकेटरों को नई टीम की तलाश करनी होगी। ट्रेंट बोल्ट, मिचेल स्टार्क, ट्रेविस हेड, मथीशा पथिराना और रचिन रवींद्र जैसे बड़े नाम रिलीज किए गए खिलाड़ियों में शामिल हैं। इस बार सबसे ज्यादा चर्चा महेंद्र सिंह धोनी के फैसले को लेकर है। उन्होंने आईपीएल से खिलाड़ी के तौर पर संन्यास ले लिया है और अब चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मेंटर की भूमिका निभाएंगे। सभी टीमों की नजर अब 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी पर है।मुंबई इंडियंस ने बोल्ट और चाहर को किया रिलीज
मुंबई इंडियंस ने अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव करते हुए ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर को रिलीज कर दिया है। इनके अलावा अल्लाह गजनफर, अथर्व अंकोलेकर, केशव महाराज और मयंक मारकंडे सहित कुछ अन्य खिलाड़ियों को भी टीम से बाहर किया गया है।
हालांकि फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे प्रमुख खिलाड़ियों पर भरोसा बरकरार रखा है। वहीं, पंजाब किंग्स से ट्रेड के जरिए अर्शदीप सिंह को भी अपने साथ जोड़ लिया है।
धोनी के बिना मैदान पर उतरेगी चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2027 में सबसे बड़ा बदलाव महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका को लेकर है। अब वह खिलाड़ी के रूप में मैदान पर नजर नहीं आएंगे, बल्कि टीम के मेंटर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
चेन्नई ने धोनी के अलावा प्रशांत वीर, मैट हेनरी, मैथ्यू शॉर्ट, जैक फाउल्क्स, अमान खान, कुलदीप यादव, आकाश मधवाल, डियान फोरेस्टर, मैकनील नोरोन्हा और स्पेंसर जॉनसन को रिलीज किया है। दूसरी ओर रुतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन और शिवम दुबे सहित कई अहम खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा गया है।
दिल्ली, हैदराबाद और कोलकाता ने भी लिए बड़े फैसले
दिल्ली कैपिटल्स ने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को रिलीज कर दिया है। उनके अलावा नीतीश राणा, पथुम निसांका और अभिषेक पोरेल भी अब टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद ने विस्फोटक बल्लेबाज ट्रेविस हेड को रिलीज कर सबको चौंका दिया है। टीम ने गेराल्ड कोएत्जी और जयदेव उनादकट को भी बाहर का रास्ता दिखाया है।
वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स ने मथीशा पथिराना, मुस्तफिजुर रहमान, रचिन रवींद्र और अजिंक्य रहाणे को रिलीज किया है। इन फैसलों के बाद तीनों टीमों को नीलामी में अपनी जरूरत के मुताबिक नए खिलाड़ियों की तलाश करनी होगी।
गुजरात, बेंगलुरु और राजस्थान में भी बदलाव
गुजरात टाइटंस ने ईशांत शर्मा, ल्यूक वुड, कुलवंत खेजरोलिया, शाहरुख खान और कॉनर एस्टरहुइज़ेन को रिलीज किया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जैकब बेथेल, मंगेश यादव और रिचर्ड ग्लीसन को टीम से बाहर किया है।
राजस्थान रॉयल्स ने शिमरोन हेटमायर, तुषार देशपांडे, एडम मिल्ने और क्वेना मफाका को रिलीज करने का फैसला किया है। वहीं, पंजाब किंग्स ने नेहाल वढेरा, मिचेल ओवेन और लॉकी फर्ग्यूसन को अपनी टीम से बाहर कर दिया है।
राजस्थान और लखनऊ के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली
लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी अपने खिलाड़ियों के संयोजन में बदलाव किए हैं। इस दौरान राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई है। मोहम्मद शमी और मणिमारन सिद्धार्थ राजस्थान रॉयल्स की टीम में शामिल हुए हैं, जबकि सैम करन लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बने हैं।
184 खिलाड़ी रिटेन, नीलामी के लिए 297.95 करोड़ रुपये बाकी
आईपीएल की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने कुल 184 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इनमें 55 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों को बरकरार रखने के लिए टीमों ने कुल 1002.05 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
अब आगामी मिनी ऑक्शन के लिए सभी फ्रेंचाइजियों के पास कुल 297.95 करोड़ रुपये का पर्स बचा है। 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी में टीमें अपनी जरूरत के हिसाब से खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। कई बड़े अंतरराष्ट्रीय सितारों के रिलीज होने से इस बार नीलामी में टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
Navyug Samachar